उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला करने का आरोपी जीशान पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में सलीम वास्तिक पर जानलेवा हुआ था. इस मामले में आरोपी जीशान पुत्र बुनियाद अली पर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद से फरार था और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही थी.
सलीम वास्तिक पर हमला करने वाला एनकाउंटर में मारा गया, सीएम योगी ने दिया था एक्शन का आदेश
Saleem Wastik पर अटैक मामले में आरोपी का एनकाउंटर हुआ है. Ghaziabad Police Commissioner जे रविंद्र गौड़ ने बताया कि आरोपियों के साथ मुठभेड़ में दो पुलिस वाले भी घायल हए हैं. गाजियाबाद में हुए जीशान के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी.


इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार 1 मार्च की देर शाम एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (क्राइम) पीयूष सिंह के नेतृत्व में लोनी थाना पुलिस और ग्रामीण SWAT टीम चेकिंग अभियान चला रही थी. पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई. आरोप है कि उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें जीशान घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम जीशान बताया था. वह अभी कुछ समय के लिए गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रह रहा था. उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा.
जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, CCTV फुटेज और एक मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर जीशान और उसके एक साथी का नाम सामने आया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया.
एनकाउंटर के बाद गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ ने बताया,
सलीम वास्तिक पर हमले की जांच के दौरान हमने CCTV फुटेज देखी और आस-पास के लोगों से बात की. CCTV फुटेज से हमने उन दो बदमाशों की पहचान की जिन्होंने मोटरसाइकिल पर घटना को अंजाम दिया था. हमने उनकी तलाश शुरू की. हमें पता चला कि वे टेंपरेरी के लिए खोड़ा में रहते थे. फिर हमें खोड़ा में उनका नाम और एड्रेस पता चला. आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए हमने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया. आज शाम हमें एक मुखबिर से सूचना मिली कि ये लोग उसी इलाके में वापस आकर कोई और वारदात कर सकते हैं. हमने पूरे कमिश्नरेट में चेकिंग के लिए अलर्ट जारी कर दिया.
उन्होंने आगे कहा,
थाना लोनी की पुलिस और देहात की SOG टीम, लोनी थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें मोटरसाइकिल पर दो आदमी आते दिखे. उन्होंने उन्हें रुकने का इशारा किया. वे रुके नहीं और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. उन्होंने अपनी बाइक बाईं ओर मोड़कर भागने की कोशिश की, तभी बाइक फिसलकर गिर गई... उन्होंने आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन जब उन्होंने जवाबी फायरिंग जारी रखी, तो पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया. दूसरे आरोपियों ने मौके का फायदा उठाया और भाग गए. जब पुलिस ने घायल आदमी से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम जीशान बताया. उसे तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि मुठभेड़ में दो पुलिस वाले भी घायल हुए हैं, जिनका अभी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस जीशान और दूसरे आरोपियों के बारे में और जानकारी इकट्ठा कररही रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 1 मेड इन इटली पिस्टल, 14 कारतूस, 1 टू-व्हीलर और सलीम पर जानलेवा हमला करने में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर बरामद किया गया है.
26 फरवरी, 2026 की सुबह दो हमलावरों ने सलीम वास्तिक पर धारदार हथियारों से हमला किया. उस समय सलीम निठोरा रोड के अली गार्डन में अपने ऑफिस में बैठे थे. गंभीर रूप से घायल सलीम को दिल्ली के GTB हॉस्पिटल ले जाया गया. अभी उनका इलाज दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा है.
सलीम वास्तिक इस्लाम छोड़ चुके हैं और यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं. उनके वीडियो कॉन्टेंट को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार विरोध और धमकियां मिलने की बात सामने आई थी. आजतक की खबर के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के लिए कहा था.
वीडियो: क्या बुर्का पहनने की वजह से महिलाओं को बस में नहीं बैठाया गया?














.webp?width=275)



