The Lallantop

फोन बंद, लोकेशन ट्रैकर, अलग-अलग नाम, सैफ पर हमले के आरोपी ने पुलिस पूछताछ में किए बड़े खुलासे

Saif Ali Khan stabbing: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में आरोपी लगातार अपना नाम बदल रहा है. आरोपी के पास न तो आधार कार्ड मिला है और न ही कोई दस्तावेज, जिससे उसके नाम या पते की पुष्टि हो सके.

Advertisement
post-main-image
मुंबई के थाणे से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. (फ़ोटो - आजतक)

मुंबई पुलिस ने 19 जनवरी को महाराष्ट्र के ठाणे से एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि एक्टर सैफ अली खान पर अटैक करने वाला आरोपी यही है (Saif Ali Khan attacker arrested). गिरफ़्तार आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, उसकी उम्र 30 साल है. पुलिसिया दावों के मुताबिक़, अलीयान ने एक्टर के घर में घुसकर अपराध करने की बात क़ुबूल कर ली है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की ख़बर के मुताबिक़, आरोपी को ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट में मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट के पास एक लेबर कैंप से गिरफ़्तार किया गया है. मुंबई के विले पार्ले पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने गिरफ़्तारी में सफलता हासिल की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने कई नाम -जैसे बिजॉय दास, विजय दास, मोहम्मद इलियास और बी.जे.- बताए हैं.

पुलिस सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया है कि आरोपी मोहम्मद शरीफुल पश्चिम बंगाल का रहने प्रतीत होता है. फिलहाल उसे पूछताछ के लिए पुलिस बांद्रा लेकर गई है. 19 जनवरी को ही पुलिस रिमांड के लिए उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. बताया गया कि गिरफ्तारी के बारे में ज़्यादा जानकारी देने के लिए मुंबई पुलिस एक प्रेस कॉन्फ़्रेस आयोजित करेगी.

Advertisement

इंडिया टुडे के सूत्रों ने बताया है कि पूछताछ में आरोपी लगातार अपना नाम बदल रहा है. कुछ समय पहले उसने पुलिस को बताया कि उसका नाम मोहम्मद सज्जात है. आरोपी के पास न तो आधार कार्ड मिला है और न ही कोई दस्तावेज, जिससे उसके नाम या पते की पुष्टि हो सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमलावर भारतीय है या फ़र्ज़ी भारतीय पहचान पत्र के आधार पर रह रहा बांग्लादेशी नागरिक है.

मुंबई पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले सात-आठ महीने से मुंबई और ठाणे में अलग-अलग जगहों पर काम कर रहा था. बीते कुछ दिनों से वो एक ठेकेदार के साथ कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहा था. घटना के बाद से वो लगातार न्यूज़ चैनल और ट्रैकिंग करने के माध्यम देख रहा था. गिरफ़्तार होने के डर से उसने अपना फोन भी बंद कर दिया था. 

इससे पहले, आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए उसकी तस्वीरों के पोस्टर मुंबई और आसपास की जगहों पर लगाए गए थे. जो सैफ अली खान के घर की सीढ़ियों से उतरते हुए CCTV फ़ुटेज में कैद हुए थे.

Advertisement
छत्तीसगढ़ से एक संदिग्ध गिरफ़्तार

इससे पहले, एक संदिग्ध व्यक्ति को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में डिटेन किया गया था. 31 साल के इस संदिग्ध आकाश कैलाश कन्नोजिया को दुर्ग RPF (Railway Protection Force) ने पकड़ा था. उससे पूछताछ करने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम भी दुर्ग पहुंची थी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब उसे पकड़ा गया, उस वक़्त वो ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार था. मुंबई पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर और लोकेशन की जानकारी रेलवे पुलिस को दी थी.

वीडियो: सैफ अली खान मामले में एक और संदिग्ध गिरफ्तार, इस बार दुर्ग में RPF ने पकड़ा

Advertisement