The Lallantop

लखनऊ में 8 साल की बच्ची घर से निकली, थोड़ी ही दूर कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला

चश्मदीदों ने बताया कि जिस जगह पर शव मिला, उससे थोड़ी दूरी पर आवारा कुत्तों का एक झुंड बैठा हुआ था. गांववालों को शक है कि इन्हीं कुत्तों ने जानलेवा हमला किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
post-main-image
बच्ची की पहचान अंशिका के तौर पर हुई है. (सांकेतिक फोटो: ITG)
author-image
आशीष श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आवारा कुत्तों के झुंड ने कथित तौर पर एक आठ साल की बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला. मृतक बच्ची की पहचान अंशिका के तौर पर हुई है. परिजनों ने बताया कि अंशिका रविवार, 1 फरवरी की शाम घर से अकेली निकली थी. बाद में उसका क्षत-विक्षत शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में मिला.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
8 साल की बच्ची को कुत्तों ने मार डाला

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौन गांव का है. गांव वालों के मुताबिक, कुछ महिलाओं ने जमीन पर एक बच्ची का शव पड़ा देखा. जल्द ही, स्थानीय लोग लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि खून से लथपथ बच्ची का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था. 

चश्मदीदों ने बताया कि जिस जगह पर शव मिला, उससे थोड़ी दूरी पर आवारा कुत्तों का एक झुंड बैठा हुआ था. गांववालों को शक है कि इन्हीं कुत्तों ने बच्ची पर जानलेवा हमला किया. शरीर पर काटने के और पंजो के गहरे निशान दिख रहे थे. चेहरा बुरी तरह से घायल था.

Advertisement

कुछ देर बार अंशिका का परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान की. पिता दिलीप ने बताया कि अंशिका कक्षा 1 की छात्रा थी और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी. रविवार की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर से अकेली निकली थी. लेकिन थोड़ी ही देर में आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर कथित रूप से हमला कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि पड़ोसी गांव के ये आवारा कुत्ते पहले भी आतंक मचाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.  

ये भी पढ़ें: दिल्ली में पालतू पिटबुल ने 6 साल के बच्चे का कान उखाड़ दिया, ओनर से रोके नहीं रुका

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. रहीमाबाद के SHO अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की एक टीम मृतक बच्ची के घर गई है और घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

Advertisement

वीडियो: लिफ्ट में कुत्ता ले जा रहा था शख्स, महिला से लड़ाई हो गई

Advertisement