राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा की संपत्तियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस उस दावे की जांच कर रही है जिसमें कहा गया कि अनुकल्प ने पिछले साल अयोध्या में एक घर खरीदा, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 65 लाख आंकी जा रही है. 1 लाख रुपये की मोटरसाइकिल की भी बात पता लगी है. जांच में महिंद्रा स्कॉर्पियो खरीदने की तैयारी और पैतृक गांव के बाहर एक फार्महाउस बनाना भी शामिल है.
राम मंदिर का दान गिनता था, 3 साल में घर-फार्महाउस खरीदे, 7 दिन का धार्मिक आयोजन कर डाला
Ram temple theft: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें से एक आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बारे में पुलिस को लाखों रुपये की जमीन, गाड़ी और 7 दिन तक कराए एक आयोजन के बारे में पता लगा है. पुलिस सभी दावों की जांच कर रही हैं.


ये सब तामझाम तब जब अनुकल्प की कमाई महज 15000 रुपये महीना है. अब पता किया जा रहा है कि क्या आरोपी ने अपनी आय से कहीं ज्यादा संपत्ति जमा की है. क्या ये चीजें सही कमाई से खरीदी गई थीं या इनका संबंध चंदे के कथित गबन से है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा कि इन कथित संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. ताकि खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए पैसे के स्रोत का पता लगाया जा सके.
अनुकल्प का काम भक्तों द्वारा राम मंदिर में दान किए गए कैश और अन्य कीमती सामानों को गिनना था. लगभग तीन साल पहले ही वो इससे जुड़ा था. कई पड़ोसियों ने दावा किया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. लेकिन हाल के सालों में उनकी स्थिति में ‘नाटकीय तरीके’ से सुधार आया है.
अनुकल्प को लेकर कहा गया कि उसने इस साल अप्रैल में अपने गांव में सात दिन का एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं. NDTV ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि प्रोग्राम में राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, अयोध्या के मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. पुलिस इसकी भी जांच कर रही है.
अनुकल्प मिश्रा के अलावा, पुलिस बाकी सभी गिरफ्तार आरोपियों की चल और अचल संपत्ति की जांच करने की तैयारी कर रही है. अब तक बरामद कैश के अलावा, जांच करने वाले अधिकारी प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड, आय के स्रोतों और वित्तीय लेन-देन की जांच करेंगे. ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में कोई संपत्ति असामान्य रूप से जमा की गई थी.
ये भी पढ़ें: SC का राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर तत्काल सुनवाई से इनकार, कहा- ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा’
रिपोर्ट में बताया गया कि जांच अधिकारी आरोपियों के नाम पर दर्ज जमीन, घरों और अन्य अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड के साथ-साथ हाल के वर्षों में हुए सेल डीड, म्यूटेशन एंट्री और प्रॉपर्टी के लेन-देन की जांच करेंगे. बैंक खातों और बड़ी वित्तीय गतिविधियों की भी जांच की जाएगी. जिसमें निवेश, बीमा पॉलिसी, लॉकर और अन्य वित्तीय साधन शामिल हैं.
वीडियो: ‘6 शहीदों को पहले दी थी श्रद्धांजलि’, ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों की जानकारी पर मंत्रालय ने क्या कहा?


















