जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार, 19 जुलाई को भारी बारिश ने तबाही मचा दी. रात भर हुई लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ आ गई. बारिश की वजह से अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है. जबकि, कई लोगों के लापता होने की खबर है. बाढ़ में जानवरों और कई गाड़ियों के बह जाने की भी खबरें सामने आई हैं. नदियों में उफान की वजह से जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बहुत पानी भर गया है.
राजौरी-पुंछ में भारी बारिश, नदियां किनारा तोड़ बस्ती में घुसीं, 10 की मौत
Rajouri-Poonch Heavy Rainfall की वजह से कम से कम 10 लोगों की जान चली गई है. यहां तक की कई जानवरों के बाढ़ में बह जाने की बातें सामने आ रही हैं. इलाके में राहत-बचाव काम अब भी जारी है.


प्रभावित इलाकों में राहत का काम जारी है. इंडिया टुडे से जुड़े मीर फरीद की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां हवेली इलाके में तेज बारिश के बीच एक घर गिर गया. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. सात घरों को भी नुकसान पहुंचा है. कई लोगों के लापता होने की खबर है. उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
नदियां किनारा तोड़ बस्तियों में घुसीअब बात राजौरी की. यहां भी एक व्यक्ति की मौत हो गई. शहर के कई हिस्सों में नदियां अपने किनारों को तोड़कर बाहर सड़कों और बस्तियों में घुस गईं. आजतक से जुड़े शक्ति सिंह ने स्थानीय लोगों से बात की. लोगों ने बताया कि सबसे ज्यादा असर दरहाली नदी के किनारे वाले इलाके में दिखा. पानी नए बस स्टैंड तक पहुंच गया. वहां खड़ी दर्जनों गाड़ियां या तो बह गईं या पानी में डूब गईं.

एक दूसरे शख्स ने बताया कि अब्दुल्ला ब्रिज के पास की झुग्गी बस्ती भी सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रही. यहां 50 से ज्यादा परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा. वहीं, बाढ़ के बारे में बात करते हुए एक स्थानीय शख्स ने कहा कि बाढ़ में कम से कम 300 से 400 से गाड़ियां बह गई हैं. इनमें से केवल 30 से 40 गाड़ी ही मिल पाई है.
बारिश-बाढ़ पर पुलिस का कहना है कि उन्हें लगातार मदद के लिए फोन आ रहे हैं. फिलहाल सबसे बड़ी कोशिश लोगों की जान बचाने की है. संपत्ति का कितना नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन पानी उतरने के बाद किया जाएगा.
राहत-बचाव कार्य जारीइलाके के हालात को देखते हुए पुलिस नदी किनारे और निचले इलाकों में लगातार गश्त कर रही है. लाउडस्पीकर से लोगों को घर खाली करने की अपील की गई. जिला प्रशासन की ओर से भी एडवाइजरी जारी कर दी गई है. लोगों से सतर्क रहने को भी कहा गया है. राहत और बचाव के काम के लिए कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं. मौसम विभाग ने पहले ही 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था. राजौरी में शनिवार, 18 जुलाई की शाम से ही बारिश शुरू हो गई थी. रात में बारिश और तेज हुई, जिसके बाद नदियां और नाले उफनने लगे.

यह भी पढ़ें: 'वर्दी उतारकर आइए', फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को किस पाकिस्तानी नेता ने खुली चुनौती दे दी?
अधिकारियों ने बताया कि राजौरी की दरहाली, खांडली, सुकतोह और जमोला जैसी सभी बड़ी नदियां खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बह रही थीं. इसी वजह से कई निचले इलाकों में पानी भर गया. फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है. कई लोग अब भी लापता हैं और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
वीडियो: सोनम वांगचुक के साथ अस्पताल में क्या-क्या हुआ?









