छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक की कार की बोनेट से गिरने पर मौत हो गई. युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ था. लड़की अपने दोस्त के साथ कार से जाने लगी. कार रोकने की कोशिश में युवक कार की बोनट पर चढ़ गया. इसी दौरान लड़की के दोस्त ने कार चला दी और युवक गिर गया. आरोप है कि युवक पर कार चढ़ाने की भी कोशिश की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
दोस्त के साथ जा रही गर्लफ्रेंड को रोकने बोनट पर चढ़ा, गिरकर युवक की मौत
Raipur में एक कारोबारी की कार के बोनट से गिरने से मौत हो गई है. मृतक और उनकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी अब भी फरार है.

घटना रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में हुई. मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के तौर पर हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की और परमप्रीत सिंह के परिवारों ने दोनों की शादी भी तय कर दी थी. राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. कथित तौर पर मृतक परमप्रीत ने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देख लिया था. इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. परमप्रीत और लड़की करीब 3-4 साल से एक-दूसरे को जानते थे.
कार में विवाद हुआपरमप्रीत की गाड़ी में ही दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद युवती भरत मंगनानी के साथ जाने लगी. इससे नाराज परमप्रीत की दोनों से बहस हो गई. बताया जा रहा है कि परमप्रीत ने भरत की कार में टक्कर मार दी. इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी. इस समय तक परमप्रीत भरत की कार की बोनट पर आ गया था. इसके बाद भी भरत ने कार रोकी नहीं. यह भी बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक चलती ही रही. इसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया. कार से गिरने की वजह से परमप्रीत के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई.
मामले की पुष्टि आमानाका थाना के ACP देवांश सिंह राठौर ने की है. उन्होंने कहा,
थाना आमानाका पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक्सीडेंट होने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वहां से सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया. पूरी घटना को देखने से यह समझ आ रहा है कि मृतक परमप्रीत की भरत मंगनानी से विवाद हुआ था. कार से टक्कर मारने का प्रयास हुआ, जिससे मृतक कार की छत पर चढ़ गया था. तेजी से कार चलाते हुए लगभग 200 मीटर तक ले गया. कार से गिरने के बाद उसके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे उसकी मृत्यु हुई. इस घटना की मृत्यु पाए जाने से प्रथम दृष्टया ये हत्या का मामला पाया गया है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान सेना पर अटैक करने की फिराक में था युवक, पुलिस ने बेंगलुरु से दबोच लिया
ACP ने आगे बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. आरोपी अभी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है.
वीडियो: यूपी में युवक ने डिलीवरी बॉय को क्यों पीटा?










