पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड ने लोहागढ़ किले को चर्चा में ला दिया है. दावा किया जा रहा है कि इस हत्याकांड के बाद किले में घूमने आने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है. और ज्यादातर की जुबान पर एक ही सवाल है, ‘सिया पॉइंट कहां है?’ सिया पॉइंट यानी किले की वो जगह जहां केतन अग्रवाल को धक्का दिया गया था.
केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किले में टूरिस्टों की भीड़, हर किसी को 'सिया पॉइंट' देखना है
Pune Ketan Agarwal Lohagad Fort: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किला काफी चर्चा में आ गया है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि घटना के बाद पर्यटक अपराध वाली जगह देखने जा रहे हैं.


NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक पहले से 50 प्रतिशत ज्यादा टूरिस्ट किले में आ रहे हैं. एक अधिकारी ने बताया,
"पहले छुट्टियों के दिन जहां लगभग 1 हजार पर्यटक आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 1500 हो गई है. हफ्ते के बाकी दिनों में आने वाले पर्यटकों की संख्या, जो पहले करीब 400 हुआ करती थी, अब 600 का आंकड़ा पार कर गई है."
चैनल ने किले पर पहुंचे कुछ लोगों से बात भी की. महाराष्ट्र के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया,
"हमने विसापुर किले में ट्रैकिंग पर जाने का प्लान बनाया था. लेकिन केतन अग्रवाल वाली घटना की पूरे महाराष्ट्र में चर्चा है. इसलिए, हम देखना चाहते थे कि असल में क्या हुआ और कहां हुआ. हम एक्साइटेड थे. वह जगह देखना चाहते थे, जहां उनकी हत्या हुई थी."
राज्य के बाहर से एक व्यक्ति पुणे अपने दोस्त से मिलने आया था. बाद में दोनों किले में घूमने आए. उन्होंने भी कहा कि हाल की खबरों की वजह से वह किले में आए. वह ‘उत्सुक’ हो गए थे कि यहां क्या हुआ था.
लोहागढ़ किला महाराष्ट्र की सबसे ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है. इसका मराठा साम्राज्य से गहरा संबंध रहा है. यह किला पश्चिमी घाट में लगभग 1033 मीटर की ऊंचाई पर बना है. इस ऐतिहासिक किले ने कई साम्राज्यों का उत्थान और पतन देखा है, जिनमें सातवाहन, चालुक्य, राष्ट्रकूट, यादव और मुगल शामिल हैं. 17वीं सदी में छत्रपति शिवाजी महाराज ने इस किले पर कब्जा कर लिया.
ये भी पढ़ें: केतन हत्याकांड की आरोपी सिया के भाई को ₹10 करोड़ का नोटिस
ये किला महाराष्ट्र के मावल इलाके में स्थित है. लोनावला से लगभग 11 किलोमीटर और पुणे से लगभग 60 किलोमीटर दूर. यहां का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन मावली है. ये किला ट्रैकिंग के लिए भी टूरिस्ट के बीच फेमस है.
वीडियो: केतन मर्डर केस में सिया के वकील ने उनके ही भाई को 10 करोड़ का नोटिस भेजा















