संसद भवन परिसर में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बीच एक दिलचस्प बातचीत हुई. कल्याण बनर्जी गले में एक पोस्टर लटकाए हुए थे जिसपर तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों की तस्वीरें थीं. इस पोस्टर पर 20 गद्दारों की सूची छपी थी जो पार्टी से बगावत कर चुके हैं. प्रियंका गांधी ने जब ये पोस्टर देखा तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ सांसद हमारे पाले से आपके पाले में गए और फिर बीजेपी में शामिल हो गए. इस पर कल्याण बनर्जी ने जवाब दिया कि आपके लोग तो बहुत पहले 2014 में ही पाला बदल चुके हैं और बंगाल में कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है.
'आपके लोग पहले ही पाला बदल चुके हैं', प्रियंका गांधी के तंज पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का दो टूक जवाब
Priyanka Gandhi: संसद भवन परिसर में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी के हाथ में एक पोस्ट था. इस पोस्टर में 20 सांसदों के फोटो थे. वही 20 सांसद जिन्होंने विधानसभा चुनावों के बाद टीएमसी की साथ छोड़ दिया था.

संसद परिसर में बागी सांसदों के पोस्टर पर सियासी घमासान
NDTV की खबर के मुताबिक बातचीत के दौरान कल्याण बनर्जी ने प्रियंका गांधी की तारीफ भी की और कहा कि कल संसद में आपने बहुत अच्छा भाषण दिया था. प्रियंका ने इसके लिए शुक्रिया अदा किया. मामले की पृष्ठभूमि ये है कि तृणमूल कांग्रेस के 28 लोकसभा सांसदों में से कम से कम 20 सांसदों ने बगावत करके नेशनललिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ़ इंडिया यानी एनसीपीआई का गठन कर लिया है और एनडीए को समर्थन दे दिया है. कल्याण बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इन बागी सांसदों के खिलाफ दलबदल कानून के तहत याचिका दायर की गई है लेकिन पांच हफ्ते बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
ममता बनर्जी और कांग्रेस के पुराने रिश्तों पर जुबानी जंग
इसी बीच बहस में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी कूद पड़े और बोले कि कांग्रेस अभी भी मैदान में है. इस पर कल्याण बनर्जी ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वो खुद कभी यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और कांग्रेस की नीतियों की वजह से ही साल 1997 में ममता बनर्जी को पार्टी छोड़कर नई राह चुननी पड़ी थी. प्रियंका गांधी ने इस बात का विरोध किया और कहा कि राजीव गांधी जी ममता बनर्जी का बहुत सम्मान करते थे और पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान मिला था. कल्याण बनर्जी ने भी इस बात से सहमति जताई कि राजीव जी ममता दीदी को बहुत पसंद करते थे, लेकिन साथ ही ये भी जोड़ा कि कांग्रेस ने बाद में वाम मोर्चे से हाथ मिला लिया जिसके खिलाफ वे संघर्ष कर रहे थे.
मीडिया के कैमरों में कैद हुई राजनेताओं की अनौपचारिक मुलाकात
इस पूरी राजनीतिक जुगलबंदी के दौरान संसद परिसर का माहौल काफी सरगर्म रहा और मीडियाकर्मियों के कैमरे इस वाकये को कैद करने में जुटे रहे. कल्याण बनर्जी मुस्कुराते हुए पत्रकारों के सवालों के जवाब देते रहे और उनके गले में लटका वह पोस्टर चर्चा का विषय बना रहा.
ये भी पढ़ें: चुनाव जीते बिना मंत्री पद पर बने रहने का विवाद, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से मांगा जवाब
वीडियो: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के बाद कल्याण बनर्जी पर हमला










