बिहार की राजधानी पटना में पूर्व पार्षद और जन सुराज से जुड़े नेता अनिल कुमार यादव को गोली मार दी गई. उन पर उस वक्त फायरिंग हुई, जब वो किदवई पुरी के अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में अपने समर्थकों के साथ बैठे थे. अनिल यादव को 5 गोलियां लगी हैं. उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
पटना में प्रशांत किशोर की पार्टी के नेता को पांच गोलियां मारीं, हालत नाजुक
पटना के रिहायशी इलाके में गोली मारे जाने के बाद जनसुराज के नेता अनिल यादव का मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बांकीपुर विधायक और जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे.

ये पूरी घटना 23 सितंबर को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई. बताया जा रहा है कि अनिल यादव, मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में बैठे थे. तभी तीन लोग बाइक से वहां पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज में इनमें से दो लोगों के हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही है. इसके बाद दोनों ने अनिल यादव पर फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि अनिल यादव को 4 से 5 गोलियां लगी हैं. गोली मारने के बाद तीनों लोग बाइक से भाग गए.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जिस अपार्टमेंट में फायरिंग हुई, उसके फर्स्ट फ्लोर पर गर्ल्स हॉस्टल भी है. इलाका काफी रिहायशी है. फिलहाल अनिल यादव का इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा है. गोली लगने के बाद अनिल यादव को उदयन अस्पताल ले जाया गया. सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्टेबल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बांकीपुर विधायक और जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अनिल यादव का हाल जाना.
(यह भी पढ़ें: जमुई केस: पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा, एनकाउंटर में गोली लगी, एक का पैर टूटा)
प्रशांत किशोर ने क्या कहा?प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में क्राइम की हालत देखिए, बाइक से लोग आए, गोली मारी और निकल गए. उन्होंने अनिल यादव को जनसुराज से जुड़ा और चार बार का वार्ड पार्षद बताया. प्रशांत किशोर ने बिहार में ‘जंगलराज’ का आरोप लगाया है. प्रशांत किशोर ने कहा,
‘इसका जवाब सरकार ही देगी. बिहार की जनता देख रही है. जिस तरह से अपराध और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है, ये दिखाता है कि सरकार के हाथ में ज्यादा कुछ है नहीं. सरकार की अपनी राजनीतिक खींचतान की वजह से बिहार में फुल टाइम DGP तक नहीं है. दुर्भाग्य की बात है कि जिस जंगलराज के भय से जनता ने वोट दिया था, अब शायद उससे भी ज्यादा भय का माहौल है.’
वहीं बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार गोलीबारी, हत्या की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है. तेजस्वी ने कहा कि बिहार राम भरोसे चल रहा है. तेजस्वी ने कहा,
‘भाजपा के शासन में लोगों को लगातार गोलियां मारी जा रही हैं. बिहार में कोई भी सुरक्षा नहीं रह गई. चाहे बच्चियां हो या कोई जनप्रतिनिधि, सबके साथ ऐसा हो रहा है. कोई ऐसा दिन नहीं बीत रहा जिस दिन गोली नहीं चल रही. अनिल यादव हमारे पुराने परिचित हैं. प्रशासन को इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए. हम तो ये कहते हैं कि इसमें जात-पात की राजनीति नहीं होनी चाहिए. लेकिन सम्राट चौधरी अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए इस तरह की राजनीति करते हैं.’
अनिल कुमार यादव पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 24 के पार्षद रह चुके हैं. उनकी पत्नी फिलहाल पार्षद हैं. कुछ महीने पहले उनके बेटे की भी मौत हुई थी. अब पुलिस हमलावरों की पहचान करने और फायरिंग की वजह पता करने में जुटी है. इसके लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
वीडियो: आजमगढ़ में पहले पत्नी और 2 पुजारियों को गोली मारी, 7 घंटे बाद पुलिस ने किया एनकाउंटर











