The Lallantop

यूट्यूबर नीतीश राजपूत पर ढाई करोड़ की मानहानि, SSC पर वीडियो बनाया था

Nitish Rajput SSC Controversy: SSC एग्जाम कराने वाली कंपनी Eduquity ने वीडियो के तथ्यों पर सवाल खड़े किए हैं. कंपनी का दावा है कि नीतीश के वीडियो में भ्रामक जानकारी है, जिससे उसकी साख को नुकसान पहुंचा है.

Advertisement
post-main-image
यूट्यूबर नीतीश राजपूत के SSC से जुड़े वीडियो पर बवाल. (instagram.com/nitishrajpute)

Nitish Rajput SSC Video: स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) के एग्जाम लेने के तरीके पर बना एक वीडियो अदालत की दहलीज पर पहुंच गया है. यूट्यूबर नीतीश राजपूत ने कुछ महीने पहले यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था. इसमें SSC की परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए गए थे. SSC एग्जाम कराने वाली कंपनी एडुक्विटी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ने इस वीडियो पर आपत्ति जताते हुए नीतीश राजपूत के खिलाफ 2.5 करोड़ रुपये के मानहानि का दावा ठोक दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, एडुक्विटी ने दिल्ली की एक अदालत में यूट्यूबर नीतीश राजपूत के खिलाफ केस दायर किया है. जिस वीडियो पर कानूनी जंग शुरू हो गई है, उसमें नीतीश सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी और अन्य डॉक्यूमेंट्स के आधार पर SSC की टेंडर प्रक्रिया और एग्जाम कराने वाले वेंडर के चुनाव पर सवाल करते हैं.

वीडियो में नियमों में बदलाव और ऑपरेशनल दिक्कतों पर जोर दिया गया था, जिनसे इशारा मिला कि ये एग्जाम की ईमानदारी पर असर डाल सकते हैं. इस वीडियो को सरकारी नौकरी का सपना संजोए लाखों युवक-युवतियों ने देखा. मुद्दा इसलिए भी संवेदनशील था क्योंकि कई उम्मीदवारों ने पहले भी SSC एग्जाम के दौरान टेक्निकल खराबी, देरी और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी गलतियों जैसी समस्याओं की शिकायत की थी.

Advertisement

एडुक्विटी ने वीडियो के तथ्यों पर सवाल खड़े किए हैं. कंपनी का दावा है कि नीतीश के वीडियो में 'भ्रामक' जानकारी है. कंपनी ने कहा कि इससे उसकी साख को नुकसान पहुंचा है. नुकसान की भरपाई के लिए एडुक्विटी ने कोर्ट का रुख किया और मानहानि केस के जरिए नीतीश से 2.5 करोड़ रुपये दिलाने की मांग की.

कंपनी ने यूट्यूब से यह वीडियो हटाने की भी मांग की है. हालांकि, नीतीश राजपूत ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया है. उनका दावा है कि वीडियो में पब्लिक डोमेन में मौजूद रिकॉर्ड और SSC उम्मीदवारों ने जो कहा, उसे शामिल किया गया है.

इस मामले में कानूनी दायरा बढ़ने के बड़े आसार हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षा उम्मीदवारों और छात्रों के ग्रुप सुप्रीम कोर्ट जाने के बारे में सोच रहे हैं. उनकी तरफ से SSC की रिक्रूटमेंट प्रक्रिया, वेंडर के चुनाव और एग्जाम के मैनेजमेंट की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है.

Advertisement

वीडियो: पटना NEET छात्रा केस: बंद कमरे में पुलिस ने जो कहा, परिवार ने सब बता दिया

Advertisement