The Lallantop

एक ही घर से 24 शव बरामद, मां की गोद में थी बच्ची, नेपाल बाढ़ की इस त्रासदी ने रुला दिया

नेपाल के नुवाकोट में त्रिशूली नदी की बाढ़ से तबाह हुए एक तीन मंजिला मकान से 24 लोगों के शव बरामद हुए हैं. रेस्क्यू टीम को एक महिला का शव बच्ची को सीने से लगाए मिला; आशंका है कि दोनों मां-बेटी हो सकती हैं, जबकि नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,003 हो गई है.

Advertisement
post-main-image
नेपाल के एक घर से 24 शव निकाले गए. (फोटो- India today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • नेपाल के त्रिशूली नदी में आई बाढ़ के बाद नुवाकोट के वेत्रावती गांव में रेस्क्यू टीम ने एक तीन मंजिला मकान से कुल 24 शव बरामद किए हैं।
  • 26 अगस्त को हुई भीषण बाढ़ ने त्रिशूली और भोटेकेशी नदियों में उफान लाकर गांवों को मलबे के मैदान में बदल दिया था, जिससे जान-माल की भारी क्षति हुई।
  • रेस्क्यू अभियान में अभी भी 4,000 से अधिक लापता लोगों की खोज जारी है और अब तक लगभग 12,000 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

नेपाल के त्रिशूली नदी में आई भयंकर बाढ़ के ‘अवशेषों’ से हर दिन कलेजा चीर देने वाली कहानियां सामने आ रही हैं. 1 सितंबर को नुवाकोट में जो हुआ, वह भी इसी त्रासदी की एक कड़ी है. बाढ़ के चलते भोटेकेशी नदी में आए सैलाब ने अपने रास्ते में आने वाले हर गांव-नगर को ‘मलबे का मरुस्थल’ बना दिया. नुवाकोट का वेत्रावती गांव भी प्रकृति के इसी कहर का शिकार हो गया. सैलाब ने यहां कुछ नहीं छोड़ा. एक वीडियो सामने आया है, जिसमें खंडहर हो गए एक तीन मंजिला इमारत के ऊपर आसमान में हेलिकॉप्टर मंडरा रहा है. हेलिकॉप्टर में बैठे लोगों को उम्मीद है कि इस घर के अंदर सांस लेती जिंदगी के कुछ निशान मिल जाएं. लेकिन जब वो घर के अंदर जाते हैं तो वहां का मंजर देख एक पल के लिए जम से जाते हैं. यहां एक के बाद एक कुल 24 शव मिले हैं. 

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े पंकज दास की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में दिख रहा किसी मैदान की तरह साफ हो चुका जमीन का ये टुकड़ा नुवाकोट के विदुर नगरपालिका का बेत्रावती गांव था. यहां एक ही घर से 24 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. बचाव और रेस्क्यू अभियान में लगे नेपाल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को उनकी टीम लापता लोगों की खोजबीन की कड़ी में इस घर तक पहुंची थी, लेकिन यहां एक भी जिंदा इंसान नहीं मिला.

उन्होंने आगे बताया कि पिछले बुधवार, 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ ने इस तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया था. 1 सितंबर को जब यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ तो जो सामने आया, उसने हर किसी को झकझोर दिया. रेस्क्यू टीम ने घर के एक कमरे से 21 शव निकाले. तीन लोगों के शव कमरे के बाहर से मिले. किसी भी बरामद शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस को लगता है कि ये सभी तीर्थयात्री हो सकते हैं, जो गोसाईंकुंड जा रहे होंगे. 

Advertisement

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे दर्दनाक तस्वीर उस वक्त सामने आई, जब एक महिला का शव एक छोटी बच्ची को अपनी गोद में कसकर पकड़े हुए मिला. पहली नजर में यही लगता है कि दोनों मां-बेटी हो सकती हैं. हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

छत पर जान बचाने गए होंगे

अब ऐसे दृश्य के बारे में सोचिए कि चारों तरफ बाढ़ का पानी दहाड़ें मारकर बह रहा हो. उसके बीच में बाढ़ की भयावहता से टकराता एक घर अब-तब डूबने की कगार पर हो. घर की दीवारों से बाढ़ का पानी टकराता होगा तो दिल की धड़कन वही देखकर थम जाती होगी. नुवाकोट के इस घर में मिले शवों को देखकर पुलिस को आशंका है कि ऐसा ही कुछ वहां हुआ होगा और लोग जान बचाने के लिए नीचे के कमरों से ऊपरी मंजिल पर चले गए होंगे. 

नुवाकोट के एसपी विपिन रेग्मी कहते हैं कि सारे शव छत के ठीक नीचे वाले कमरे में मिले हैं. इससे यही लगता है कि जान बचाने के मकसद से ये लोग इकट्ठा होकर ऊपरी मंजिल पर गए होंगे, लेकिन ये ऊंचाई भी उन्हें नहीं बचा पाई. 

Advertisement

रेग्मी ने दिल दहला देने वाला जो सबसे भयानक और भावुक मंजर बताया, वो उस मां और बच्ची के शव का है, जो एक दूसरे को कसकर पकड़े हुए थे. ऐसा लगता है कि इस जल प्रलय के अंतिम क्षणों तक मां ने अपनी पूरी ताकत लगाकर बच्ची को बचा लेने की कोशिश की होगी. लेकिन जब कुदरत अपने सबसे उग्र रूप में आती है तो उसकी भावुकता सूख जाती है. जिसके आगे किसी का बस नहीं चलता. 

नुवाकोट के इस घर से मिले शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम का हेलिकॉप्टर लगा हुआ है. पुलिस अधिकारी विपिन रेग्मी ने बताया कि अभी तक 24 में से 8 शवों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया है. बाकी शव घर की छत पर रखे हैं, जिन्हें बाद में बारी-बारी से ले जाया जाएगा. 

ये भी पढ़ेंः नेपाल में इस महिला पायलट ने एक हफ्ते में सैकड़ों जानें बचाईं, कौन हैं प्रिया अधिकारी?

अब तक 1 हजार से ज्यादा मौतें

बता दें कि नेपाल में आई त्रासदी में मरने वालों का आंकड़ा एक हजार के पार हो गया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि  1 सितंबर को सुरक्षाबलों ने आठ जिलों से और शव बरामद किए. इससे त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,003 हो गई है. रेस्क्यू दल अभी भी 583 विदेशी नागरिकों और 83 सुरक्षाकर्मियों समेत तकरीबन 4,000 लापता लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. अब तक तकरीबन 12,000 लोगों को बचाया जा चुका है.

वीडियो: पिता के निधन से टूटे Lionel Messi, संन्यास को लेकर किया बड़ा ऐलान

Advertisement