The Lallantop

NEET UG परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन, CBI करेगी मामले की जांच

NEET 2026 paper leak News: नीट पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए नीट परीक्षा 2026 रद्द कर दी गई है. 3 मई को परीक्षा हुई थी, लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक मामला सामने आने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है.

Advertisement
post-main-image
NEET यूजी पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई करेगी. (फाइल फोटो: आजतक)

NEET UG 2026 Paper leak: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक मामला सामने आने के बाद नीट यूजी परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है. पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई करेगी. इससे पहले भी नीट परीक्षा का पेपर लीक हो चुका है. हालांकि, एनटीए ने स्पष्ट कर दिया है कि दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा. परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एनटीए की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द करने के फैसले की जानकारी दी गई है. बयान में कहा गया कि एनटीए ने उम्मीदवारों, अभिभावकों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए नीट यूजी परीक्षा 2026 रद्द करने का फैसला किया है. आगे कहा गया,

“NTA ने 8 मई 2026 को इस मामले की स्वतंत्र तरीके से जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा था. हमारी प्राथमिकता राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली परीक्षाओं के निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन कराने की रही है.”

Advertisement

NTA ने अपने बयान में यह भी कहा कि एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी के साथ 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया है. यह परीक्षा दोबारा आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है. परीक्षा की नई तारीखों की सूचना अलग से जारी की जाएगी.

क्या NEET UG पेपर लीक मामला?

3 मई को NEET (UG) 2026 की परीक्षा हुई थी. ये परीक्षा कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को राजस्थान में NEET परीक्षा के दौरान कथित गड़बड़ी की शिकायत मिली. सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा से पहले छात्रों के बीच एक कथित ‘गेस पेपर’ (Guess Paper) या ‘क्वेश्चन बैंक’ तेजी से वायरल हुआ. नीट परीक्षा में पूछे सवालों के उत्तर के ऑप्शन भी इस कथित ‘गेस पेपर’ के प्रश्नों के क्रमों में है. 

Advertisement

नीट यूजी (NEET UG) के लिए केवल एक ही पेपर होता है. परीक्षा में कुल 180 सवाल हल करने होते हैं. यह पेपर 720 नंबरों का होता है. राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में संकेत मिले कि परीक्षा के कुल 720 अंकों में से लगभग 600 अंकों के सवाल परीक्षा से दो दिन पहले ही राजस्थान के सीकर में छात्रों तक पहुंच गए थे. 

SOG के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) विशाल बंसल ने बताया,

एक गेस पेपर है, जिसमें करीब 410 सवाल हैं. उन 410 सवालों में से तकरीबन 120 सवाल एग्जाम में आए. यह गेस पेपर स्टूडेंट्स के बीच काफी पहले से सर्कुलेट हो रहा था. यह असली एग्जाम से 15 दिन पहले, एक महीने पहले ही उन तक पहुंचना शुरू हो गया था."

रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य परीक्षा में जीव विज्ञान (Biology) के सभी 90 सवाल और रसायन विज्ञान (Chemistry) के सभी 45 सवाल इस गेस पेपर में मौजूद थे. नीट में हर सवाल 4 अंक का होता है, ऐसे में लगभग 600 नंबर के प्रश्न उसी कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ से आने की बात सामने आ रही है.

गेस पेपर 5-5 लाख रुपये में बिका, किसने भेजा?

इंडिया टुडे से जुड़े शरत कुमार की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि ‘गेस पेपर’ परीक्षा से दो दिन पहले 5-5 लाख रुपये में बिका, लेकिन परीक्षा से एक रात पहले इसकी 30-30 हजार रुपये में बिक्री हुई. SOG का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल में मैसेज पर ‘फॉर्वर्डेड मेनी टाइम्स’ दिख रहा है, यानी ये पेपर बहुत लोगों तक पहुंचा है.

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ का लिंक चूरू के एक युवक से जुड़ रहा है, जो फिलहाल केरल के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा है. उसने 1 मई को ये सवाल सीकर में अपने एक दोस्त को भेजे थे. इसके बाद यह दस्तावेज एक पीजी संचालक तक पहुंचा और फिर वहां रहने वाले छात्रों, करियर काउंसलर्स और अन्य अभ्यर्थियों के बीच तेजी से फैलता चला गया. SOG अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है.

यह भी पढ़ें: NEET का 'गेस पेपर' 5-5 लाख में बिका, 720 में से 600 नंबर के सवाल हुए मैच, कहानी केरल से शुरू हुई

SOG सोशल मीडिया चैट, कॉल डिटेल्स और इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप्स से जुड़े हर लिंक को खंगाल रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह केवल एक ‘गेस पेपर’ था या फिर वास्तव में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का हिस्सा लीक हुआ था. जांच एजेंसियां फिलहाल इसी कड़ी को जोड़ने में लगी हैं.

पूरे मामले में सीकर का एक पीजी संचालक भी जांच एजेंसी के रडार पर आ गया है. परीक्षा खत्म होने के बाद इसी संचालक ने उद्योग नगर थाने और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को शिकायत देकर दावा किया था कि बड़ी संख्या में छात्रों के पास संदिग्ध ‘क्वेश्चन बैंक’ पहुंचा था.

वीडियो: नीट पीजी 2025 की परीक्षा में कहां गड़बड़ हुई? छात्रों ने क्या आरोप लगाया?

Advertisement