साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते मुंबई के कई रेस्टोरेंट्स पर बड़ी कार्रवाई हुई है. ये कार्रवाई महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने की है. FDA ने मुंबई के तीन जाने-माने रेस्टोरेंट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस को भी सस्पेंड कर दिया है. FDA की जांच में पता चला है कि इन तीनों रेस्टोरेंट्स में फूड सेफ्टी के कई नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था. यह कार्रवाई भेंडी बाजार के ‘शालीमार’ और ‘नूर मोहम्मदी रेस्टोरेंट’ और उमरखाड़ी के ‘रहमानिया रेस्टोरेंट’ के खिलाफ की गई है. जांच में पता चला कि इन रेस्टोरेंट्स में किचन की साफ-सफाई, खाने को स्टोर करने के तरीके और फूड सेफ्टी से जुड़ी प्रक्रियाओं में बहुत बड़ी कमियां पाई गईं.
किचन में कौवे, कीड़ों के झुंड, वेज-नॉनवेज सब एक साथ, 3 नामी रेस्टोरेंट्स ने गंध मचा रखी थी
FDA ने इन रेस्टोरेंट्स को नियमों के उल्लंघन को ठीक करने के कई मौके दिए. लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया. कई कमियां जस की तस बनी रहीं. बाद की जांच में भी कई कमियां सामने आईं. ऐसी कमियां जिन्हें देखकर आंखें खुली रह जाएंगी.


FDA ने कहा कि इन रेस्टोरेंट्स को नियमों के तहत चलने के कई मौके दिए गए. लेकिन रेस्टोरेंट्स फिर भी इसे लेकर गंभीर नहीं हुए. कई कमियां जस की तस बनी रहीं. बाद की जांच में भी कई कमियां सामने आईं. आखिरकार FDA ने कार्रवाई करते हुए तीनों रेस्टोरेंट्स का लाइसेंस रद्द कर दिया.
वेज और नॉनवेज रखने में लापरवाहीअक्सर खबरें आती हैं कि किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से किसी ने खाना मंगाया. लेकिन वेज की जगह नॉनवेज खाना आ गया. और फिर कट गया भारी बवाल. रेस्टोरेंट्स में भी अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आती हैं. लेकिन इन तीनों रेस्टोरेंट्स में जहां खाना रखा जा रहा था, वहां वेज और नॉनवेज को ठीक से अलग-अलग नहीं रखा गया. कस्टमर्स कैसा खाना खा रहे थे, ये बस रेस्टोरेंट ही जानता था. शालीमार नाम के एक रेस्टोरेंट को अप्रैल में सुधार का नोटिस जारी किया गया था. इसके बावजूद, दोबारा जांच में 25 बड़ी कमियां पाई गईं. लेकिन शिकायतें दूर न होने पर 14 जुलाई को शालीमार रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इस रेस्टोरेंट की पहली जांच 16 अप्रैल को हुई थी, जिसके बाद FDA ने 28 अप्रैल को सुधार का नोटिस जारी किया. हालांकि जांच अधिकारियों ने बताया कि 13 जुलाई को हुई फॉलोअप जांच में पता चला कि रेस्टोरेंट कई गंभीर कमियों को ठीक करने में नाकाम रहा. FDA ने जिन कमियों का जिक्र किया, उनमें किचन का गीला और फिसलन भरा फर्श, कच्चा माल खरीदने से जुड़े रिकॉर्ड न होना, पीने के पानी की क्वालिटी रिपोर्ट न रखना, खाने के तेल की क्वालिटी के रिकॉर्ड न होना, शाकाहारी और मांसाहारी खाने को ठीक से अलग-अलग न रखना और बिना जाली वाली खुली खिड़कियां शामिल थीं.
कौवे और कीड़े खा रहे खाना13 जुलाई को भेंडी बाजार स्थित नूर मोहम्मदी रेस्टोरेंट की जांच की गई. जांच में साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलने के बाद, 14 जुलाई को नूर मोहम्मदी का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया. FDA के अनुसार, इंस्पेक्टर्स को किचन में कबाब सेक्शन के पास फर्श पर काले ग्रीस की मोटी परतें मिलीं. सबसे अधिक चिंता की बात थी वहां खुली खिड़कियां. इन खिड़कियों से मक्खियां, कीड़े-मकोड़े और यहां तक कि कौवे भी खाना बनाने की जगह पर आराम से आ-जा रहे थे.
जांच में किचन की दीवारों और छतों पर पेंट उखड़ा हुआ मिला. ग्रीस जमा होने, कच्चा सामान साफ-सुथरे तरीके से न रखने, सप्लायर का रिकॉर्ड न होने, पुराने और गंदे बर्तन, पीने के पानी की टेस्टिंग का रिकॉर्ड न होने और कीड़ों को रोकने के लिए जरूरी ड्रेनेज की सही व्यवस्था न होने जैसी कमियां भी पाई गईं. उमरखाड़ी के रहमानिया रेस्टोरेंट को भी बंद करने का आदेश जारी किया गया. 13 जुलाई को रहमानिया रेस्टोरेंट की भी जांच हुई थी. लेकिन उसमें भी कई कमियां पाई गईं.
ये भी पढ़ें:- बार-बार कब्ज़ हो जाती है? कहीं ये दो गलतियां दोहरा तो नहीं रहे
रेस्टोरेंट्स में और भी बड़ी कमियां मिलींअधिकारियों ने बताया कि इन सभी रेस्टोरेंट्स में खाने-पीने की चीजों, केमिकल और पैकेजिंग मटीरियल के लिए खराब स्टोरेज व्यवस्था, दरवाजों पर कीड़ों से बचाव की व्यवस्था न होना, किचन के उपकरणों में जंग और खराब क्वालिटी, दीवारों और छतों से पेंट और प्लास्टर का झड़ना, और जरूरी फूड टेस्टिंग व पीने के पानी की क्वालिटी के रिकॉर्ड न होने जैसी कमियां पाईं.
FDA का कहना है कि वह पूरे राज्य में रेस्टोरेंट्स और होटलों की जांच जारी रखेगा. FDA ने चेतावनी दी कि जो भी ग्राहकों की सेहत से समझौता करते या फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसका लाइसेंस सस्पेंड कर उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: तिरुपति मंदिर में मिलावटी लड्डू के बाद दुपट्टा घोटाला स्कैम?










