मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिला है. जिस हालत में शव मिला, वह काफी हैरान करने वाला था. युवक का शव एक स्कूटी पर बैठे हुए मिला. देखने से ऐसा लग रहा था जैसे स्कूटी पर बैठे-बैठे ही उसकी जान गई हो. मरने वाले युवक की पहचान 26 साल के रजत यादव के तौर पर हुई है. रजत की मां ने पुलिस को बताया कि वह काफी मात्रा में नशा करता था. पुलिस ड्रग्स ओवरडोज की वजह से हुई मौत के एंगल से जांच कर रही है.
स्कूटी पर बैठे-बैठे युवक की मौत! मेरठ में संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप
मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव स्कूटी पर बैठी हुई हालत में मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक काफी मात्रा में नशा करता था. अब ड्रग्स ओवरडोज के एंगल से मामले की जांच हो रही है.

ये पूरी घटना थाना टीपी नगर, मेरठ के अंतर्गत आने वाले रोहटा रोड चौकी के पास की है. यहां पास में एक खाली मैदान है. इसी मैदान में स्कूटी पर बैठे हुए रजत का शव मिला. रजत के पिता का नाम राधेश्याम है. उनका घर बैंक कॉलोनी, कंकरखेड़ा थाना में पड़ता है. राधेश्याम फिलहाल झज्जर, हरियाणा में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर काम कर रहे हैं. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक रजत की मां ममता यादव के मुताबिक वो एसडी इंटर कॉलेज में प्राइवेट नौकरी करता था. मां ने बताया कि पिछले काफी समय से वह नशा भी कर रहा था. बहुत ज्यादा नशा करने के कारण उसे काली पीलिया बीमारी भी हो गई थी. उसका इलाज भी चल रहा था. हालांकि, परिवार ड्रग्स की वजह से जान जाने की बात से इनकार कर रहा है.
(यह भी पढ़ें: परिवार ने 80 साल के बुजुर्ग का शव 4 साल तक फ्रीजर में रखा, वजह जान सिर पीट लेंगे!)
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शव देखने के बाद परिवार ने उसकी हत्या की आशंका भी जताई. परिवार का कहना है कि रजत की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. इसलिए उसकी जांच होनी चाहिए. वहीं एसपी सिटी विनायक भोंसले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया,
मृतक शराब का आदि था. हमें उसके पास से कुछ और चीजें भी मिली हैं जिनकी जांच हो रही है. लेकिन प्रथम दृष्टया ये मामला ड्रग्स के ओवरडोज का ही लग रहा है. हमने शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर ही मौत की वजह पता चल सकेगी.
वीडियो: चंडीगढ़ पुलिस के हेड कांस्टेबल की घर में गोली लगने से मौत, हत्या की आशंका












