The Lallantop

मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के Mathura में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव यमुना नदी में पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, एक दर्जन श्रद्धालुओं के लापता होने की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
post-main-image
मथुरा में यमुना नदी में नाव पलटने से 6 लोगों की मौत. (फोटो- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी के केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी नाव पोंटून पुल से टकराकर पलट गई, जिससे 10 लोगों की मौत हुई और कई लोग लापता हैं।
  • यह हादसा इसलिए हुआ क्योंकि नाव में करीब 25-27 श्रद्धालु सवार थे और आपातकालीन परिस्थितियों में नाव पोंटून पुल से टकराकर अनियंत्रित हो गई।
  • पुलिस और राहत-बचाव दल, स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्वरित राहत और मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
author-image
मदन गोपाल शर्मा

उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव यमुना नदी में पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, एक दर्जन श्रद्धालुओं के लापता होने की आशंका जताई जा रही है. घटनास्थल पर राहत-बचाव का काम जारी है. साथ ही जिला अधिकारी समेत तमाम आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु पंजाब से वृंदावन में दर्शन करने आए थे.   

Advertisement

घटना शुक्रवार,10 अप्रैल को हुआ. इंडिया टुडे से जुड़े मदन गोपाल शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा दोपहर में करीब 2.30 बजे वृंदावन स्थित केसी घाट के पास हुआ था. जब एक नाव 25 से 27 श्रद्धालुओं को बैठाकर यमुना नदी की सैर करा रही थी. इस दौरान नाव नदी के अंदर बने पीपा पुल से टकराकर पलट गई. जिसकी वजह से सभी श्रद्धालुओं नदी के गहरे पानी में डूबने लगे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस समेत राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और बचाव का काम शुरू कर दिया.

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब 12-14 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिसमें से 10 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. साथ ही रेस्क्यू किए गए लोगों को इलाज के लिए पास के ही CHC (Community Health Centres) पहुंचाया गया है.

Advertisement

सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है. मुख्यमंत्री ने लिखा,

‘जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’

CM Yogi On Mathura Yamuna Case
मुख्यमंत्री योगी का बयान.

वहीं मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का भी आदेश दिया है. इस हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने 'X' पर लिखा,

Advertisement

‘आज, जगरांव शहर के निवासियों को वृंदावन में दर्शन के लिए ले जा रही एक नाव मथुरा के पास यमुना नदी में पलट गई. इस नाव में 32 लोग सवार थे. मुझे बड़े दुख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि कुछ श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गई है. मैं उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हूं. बाकी जानकारियां बाद में साझा की जाएंगी.’

CM Bhagwant Mann On Mathura Boat Case
पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान.

हादसे पर मथुरा के DIG (Deputy Inspector General Of Police) शैलेश कुमार पांडे का भी बयान सामने आया है, उन्होंने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, 

‘करीब 3:15 बजे पर यमुना नदी में एक नाव के साथ दुर्घटना हुई. यह घटना ठीक उसी जगह पर हुई, जहां एक पोंटून पुल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक, नाव में करीब 25 से 27 लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पता चलता है कि नाव पोंटून पुल से टकरा गई, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई है. घटनास्थल से अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं. फायर सर्विस और पुलिस की टीमें, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों के साथ मिलकर, यहां राहत और बचाव कार्यों में पूरी सक्रियता से जुटी हुई हैं.’

पांडे ने आगे बताया कि NDRF और SDRF की टीमें भी अपने-अपने बेस से रवाना हो चुकी हैं. और बहुत जल्द ही उनके घटनास्थल पर पहुंचने की उम्मीद है. फिलहाल, उन सभी लोगों की तलाश जारी है, जो अभी भी लापता हैं.

वीडियो: इजरायल के खिलाफ पाकिस्तान ने कौन-सा पोस्ट डिलीट किया?

Advertisement