उत्तर प्रदेश के महोबा में एक महिला ने बीजेपी के जिलाध्यक्ष पर ‘सेक्स के बदले पद’ का प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पार्टी की जिला यूनिट में बड़ा पद देने के बदले उनसे ‘हमबिस्तर’ होने को कहा गया. फेसबुक पर लाइव आकर महिला नेता ने ये आरोप बीजेपी पदाधिकारी पर लगाया. इस संबंध में उन्होंने जिला पुलिस को शिकायत भी दी है. बीजेपी के जिस नेता पर आरोप लगे हैं, उन्होंने इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश बताया है. उनका कहना है कि आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है.
'बस एक बार हमबिस्तर हो जाओ', बीजेपी जिलाध्यक्ष पर महिला कार्यकर्ता का गंभीर आरोप
महोबा में भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी गठन के बाद से ही विवादों में आ गई है. पार्टी के भीतर असंतोष की सुगबुगाहट तो थी, लेकिन पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने एक फेसबुक लाइव करके बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है.


इंडिया टुडे से जुड़े नाहिद अंसारी की रिपोर्ट के अनुसार, महोबा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नई जिला कार्यकारिणी गठन के बाद से ही विवादों में आ गई है. पार्टी के भीतर असंतोष की सुगबुगाहट तो थी, लेकिन पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने एक फेसबुक लाइव करके बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. दीपाली तिवारी ने बीजेपी जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर आरोप लगाया कि जिला उपाध्यक्ष पद देने के बदले उन्होंने उन पर हमबिस्तर होने का अनैतिक दबाव बनाया.
फेसबुक लाइव पर दीपाली तिवारी ने मोहनलाल से मुलाकात की पूरी कहानी बताई और कहा कि पार्टी में अपने पद को लेकर मोहनलाल से बात करने के लिए वह उनसे मिलने गई थीं. मोहनलाल ने ही उन्हें मिलने के लिए बुलाया था. दीपाली तिवारी ने बताया कि उन्होंने मोहनलाल से रिक्वेस्ट की कि वह 10 साल से पार्टी के लिए काम कर रही हैं इसलिए उन्हें कोई बड़ा पद दिया जाए. वह जिला उपाध्यक्ष या फिर जिला महामंत्री पद के लिए उनसे रिक्वेस्ट कर रही थीं.
दीपाली तिवारी ने कहा,
मोहनलाल जी ने मुझसे कहा कि दीपाली जी मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना दूंगा तो आप मुझे क्या देंगी? मैंने कहा, भाई साहब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं है क्योंकि अभी-अभी मेरा मकान बिक चुका है. आपको पता है कि मेरे पति का भी काम-धाम बंद सा चल रहा है. मैं आर्थिक रूप से इतनी कमजोर हूं कि मैं आपको कुछ दे नहीं सकती.
तिवारी के मुताबिक, इस पर मोहनलाल ने कहा कि उनके पास देने को बहुत कुछ है और उन्हें इशारों को समझना चाहिए. इस पर दीपाली तिवारी ने जवाब दिया,
मैंने उनसे (मोहनलाल से) कहा कि मैं इशारों में बातें नहीं करती हूं. न मुझे समझ में आता है. साफ-साफ बताइए. इस पर मोहनलाल ने कहा कि अगर मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना देता हूं तो आप मेरे साथ लखनऊ-दिल्ली हर जगह चलेंगी. किसी को शक भी नहीं होगा. बस एक बार मेरे साथ ‘हमबिस्तर’ हो जाइए. ‘हमबिस्तर’ होने का मतलब सारा समाज समझता ही है.
दीपाली ने कहा कि मोहनलाल ने उन पर दबाव बनाया कि उन्हें ये शर्त माननी ही पड़ेगी. साथ ही धमकी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो वह उन्हें जिलामंत्री ही बनाकर रखेंगे. दीपाली के मुताबिक, उन्होंने मोहनलाल की शर्त मानने से इनकार कर दिया और जिला मंत्री पद भी छोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने एसपी ऑफिस में उनकी शिकायत भी की.
वहीं इन आरोपों पर जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि दीपाली तिवारी ने जो भी कहा वो निराधार और मनगढ़ंत है. सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे इन आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. यह केवल उनकी छवि खराब करने की कोशिश है.
वीडियो: पाकिस्तान जा रहे अमेरिकी डेलीगेशन को रोका, ईरान ने क्या इल्जाम लगाया?


















