The Lallantop

महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर ने कांग्रेस के 'गूंगी गुड़िया' वाले बयान पर लगाई क्लास, बोले- मांगनी चाहिए माफी

Congress 'Gungi Gudiya' Jibe: महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने कांग्रेस पार्टी द्वारा डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार पर दिए गए 'गूंगी गुड़िया' वाले विवादित बयान की कड़ी निंदा की है और माफी की मांग की है.

Advertisement
post-main-image
सुनेत्रा पवार पर 'गूंगी गुड़िया' टिप्पणी से महाराष्ट्र में मचा बवाल (फोटो- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • महाराष्ट्र की कांग्रेस ने डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहकर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
  • विवाद की शुरुआत बीड जिले में सुनेत्रा पवार से जुड़े सवाल के जवाब में एनसीपी नेता धनंजय मुंडे के हस्तक्षेप और कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने से हुई।
  • विवाद बढ़ने पर विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने कांग्रेस से बिना शर्त माफी मांगी, जबकि विपक्ष और महायुति गठबंधन ने महिला सम्मान के मुद्दे को लेकर आलोचना जारी रखी।

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बयान ने नया तूफान खड़ा कर दिया है. कांग्रेस की ओर से डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार को लेकर की गई टिप्पणी अब बड़ा सियासी मुद्दा बन गई है. कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट में सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' यानी साइलेंट डॉल कहे जाने के बाद सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है.

Advertisement

मामला इतना बढ़ गया कि एनसीपी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए. मुंबई में कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया. पुलिस को हालात संभालने के लिए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना पड़ा. अब महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर ने भी इस बयान को शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है.

आखिर कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बीड जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए एक सवाल से हुई. एक पत्रकार ने डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार से जुड़ा सवाल पूछा था. इस दौरान एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए उन्हें जवाब देने से बचाने की कोशिश की.

Advertisement

इसके बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो के साथ कांग्रेस की ओर से ऐसी टिप्पणी की गई, जिसे एनसीपी ने सुनेत्रा पवार और महिलाओं का अपमान बताया.

कांग्रेस के इस पोस्ट के बाद एनसीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई. पार्टी ने इसे सिर्फ एक नेता पर टिप्पणी नहीं, बल्कि महिला सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया और राज्यभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए.

राहुल नार्वेकर ने कहा, महाराष्ट्र की संस्कृति में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि

रायगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने कांग्रेस की टिप्पणी पर कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की संस्कृति में महिलाओं को सम्मान देने की परंपरा रही है.

Advertisement

नार्वेकर ने कहा कि राजनीतिक विरोध और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी महिला के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणी करने वालों को बिना किसी शर्त के माफी मांगनी चाहिए.

फडणवीस और शिंदे ने भी कांग्रेस को घेरा

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. दोनों नेताओं ने कहा कि विपक्ष को सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन महिलाओं के सम्मान की सीमा पार नहीं की जानी चाहिए.

महायुति नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक हमला करते-करते व्यक्तिगत टिप्पणी की है, जो महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपराओं के खिलाफ है.

कांग्रेस ने दी सफाई, लेकिन नहीं थमा विवाद

मामला तूल पकड़ने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट दुर्भाग्यपूर्ण थी और यह गलतफहमी के कारण हुआ.

हालांकि कांग्रेस की सफाई के बाद भी सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है. एनसीपी लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही है, जबकि बीजेपी और शिंदे गुट भी इस मुद्दे को लेकर विपक्ष को घेर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट की एक गलती और बेकसूर ने काट लिए 22 साल जेल में, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई क्लास

फिलहाल सुनेत्रा पवार पर की गई टिप्पणी महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन चुकी है. आने वाले दिनों में विधानसभा और सड़क दोनों जगह इस मुद्दे की गूंज सुनाई देने की संभावना है.

वीडियो: बारामती उपचुनाव का आया रिजल्ट, सुनेत्रा पवार ने रचा इतिहास

Advertisement