The Lallantop

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बाघ ने एक महीने में 12 लोगों को मार डाला

रविवार 8 जून की दोपहर बाघ ने 60 वर्षीय जयदेव करनेकर पर हमला कर उनकी जान ले ली.

Advertisement
post-main-image
बाई ओर मृतक जयदेव पोतलू करनेकर की तस्वीर वहीं दाई ओर बाघ की सांंकेतिक तस्वीर. (तस्वीर: इंडिया टुडे)

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 60 साल के बुजुर्ग जयदेव पोतलू करनेकर की बाघ के हमले में मौत हो गई. बीते एक महीने में इस इलाके में बाघ के हमले से 12 लोगों की मौत हो चुकी है. इन घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में है. वन विभाग की टीम बाघ को पकड़ने की कोशिश कर रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े विकास राजूरकर की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना ‘मूल’ तहसील में स्थित सोमनाथ प्रोजेक्ट एरिया में हुई. इसे समाजसेवी बाबा आमटे द्वारा बनाया गया था. मृतक जयदेव अपने परिवार के साथ यहां 40 साल से रह रहे थे. जयदेव हर दिन आम तोड़ने जाया करते थे. रविवार 8 जून की दोपहर भी वे आम तोड़ने निकले. आशंका जताई जा रही है कि दोपहर तीन बजे के करीब बाघ ने उन पर हमला किया होगा, जिसके चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई. 

जब शाम तक जयदेव घर वापस नहीं आए तो उनके घरवालों ने उन्हें खोजने की कोशिश की. कुछ पता न चलने पर वन विभाग को इसकी सूचना दी गई. फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर राहुल कारेकर और फील्ड असिस्टेंट आरसी पेदापल्लीवार ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की. अगले दिन 9 जून की सुबह, जंगल विभाग की टीम को ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में जयदेव के शव के कुछ अवशेष मिले. बताया गया कि बाघ ने रात भर में शव के अधिकांश हिस्से को खा लिया था.

Advertisement

फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर राहुल कारेकर ने बताया कि जयदेव की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उनके परिवार वालों को 20 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया है.

बीते एक महीनेमें चंद्रपुर जिले की कई तहसीलों में बाघ के हमलों में 12 लोगों की मौत हुई है.

  • 10 मई को सिंदेवाही तहसील में एक ही दिन तीन महिलाओं की मौत हुई.
  • 11 और 12 मई को मूल तहसील में दो महिलाओं की मौत हुई.
  • 14 मई को चिमूर तहसील में एक महिला की मौत हुई.
  • 18 मई को नागभिड और मूल तहसील में दो पुरुषों की मौत हुई. 
  • 22 मई को मूल तहसील में एक व्यक्ति की मौत और एक के घायल होने की खबर आई.
  • 27 मई को मूल तहसील में एक महिला और पुरुष की मौत हुई. 
  • 8 जून को मूल तहसील में जयदेव की मौत हुई.

इन आंकड़ों  के अनुसार अकेले मूल तहसील में सात लोगों ने अपनी जान गंवाई है. वहीं साल 2025 में अब तक 24 लोगों की जान जा चुकी है. वन विभाग की टीम ने बाघ को पकड़ने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं. विभाग की टीम एरिया की लगातार छानबीन भी कर रही है.

Advertisement

वीडियो: जेम्स एंडरसन ने WTC फाइनल से एक दिन पहले साउथ अफ्रीकी टीम पर बड़ी बात कह दी

Advertisement