पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य संघर्ष का असर भारत में भी दिखने लगा है. पूरे देश में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतें बढ़ा दी गई हैं. 14.2 किलोग्राम का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा हो गया है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 115 रुपये बढ़ गई है. नई कीमतें 7 मार्च से लागू होंगी. महंगाई का यह झटका ऐसे समय पर लगा है, जब अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष से दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट आ रही है.
LPG गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा हुआ, ईरान-इजरायल जंग का असर दिखना शुरू, जानें नई कीमत
LPG Price Hike: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष के चलते कच्चे तेल और गैस की ग्लोबल सप्लाई प्रभावित हो रही है. इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है, जहां एलपीजी Gas Cylinder की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.


घरेलू गैस सिलेंडर
इंडिया टुडे की खबर में बताया कि सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अनुसार, दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है. इसी तरह देश भर के अलग-अलग शहरों में गैस सिलेंडर पर महंगाई का असर देखा गया है.
मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है, जबकि कोलकाता में यही गैस सिलेंडर अब 939 रुपये में मिलेगा. चेन्नई में सिलेंडर की कीमत 928.50 रुपये है. ग़ाज़ियाबाद में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 850.50 रुपये से बढ़कर 910.50 रुपये हो गई है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में आखिरी बढ़ोतरी अप्रैल 2025 में हुई थी, जब कीमत 50 रुपये बढ़ाई गई थी.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (Pradhan Mantri Ujjwala Yojana) के लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी, जो साल में 12 बार रिफिल करने तक मिलेगी. इस स्कीम के तहत सरकार कम आय वाले परिवारों को LPG सिलेंडर कनेक्शन देती है. यह स्कीम अभी देश भर में 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को कवर करती है.
कमर्शियल सिलेंडर
रेस्टोरेंट, होटल और दूसरी जगहों पर बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में काफी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,768.50 रुपये से बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है.
मुंबई में अब इसकी कीमत 1,835 रुपये है, जबकि कोलकाता में यह लगभग 1,990 रुपये और चेन्नई में 2,043.50 रुपये तक पहुंच गई है. इस साल कमर्शियल LPG की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिसमें ये सिलेंडर 300 रुपये से ज्यादा की महंगाई देख चुका है.
इंडस्ट्री के अधिकारियों ने कहा कि यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में तनाव और रुकावटों के कारण बढ़ती ग्लोबल एनर्जी लागत को दिखाती है, जो ग्लोबल तेल और गैस सप्लाई चेन के लिए एक जरूरी क्षेत्र है. अमेरिका-इजरायल का ईरान पर हमला और ईरानी कार्रवाई के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कथित पाबंदी से भारत में तेल और गैस की सप्लाई को लेकर सवाल उठे. हालांकि, केंद्र सरकार ने एनर्जी सप्लाई में कटौती से इनकार किया है.

केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 6 मार्च को कहा था,
"हमारी प्राथमिकता अपने नागरिकों के लिए सस्ता और टिकाऊ फ्यूल उपलब्ध कराना है, और हम इसे आराम से कर रहे हैं. भारत में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और हमारे ऊर्जा ग्राहकों के लिए चिंता की कोई बात नहीं है."

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने भी कहा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं. 6 मार्च को एक पोस्ट में उसने कहा कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है. कंपनी ने लोगों से फ्यूल को लेकर चिंता ना करने की अपील की. इसके अलावा उसने पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ ना लगाने की भी गुजारिश की है.
वीडियो: खर्चा-पानी: जंग की वजह से भारत के फार्मा सेक्टर पर पड़ा बुरा असर?
















.webp?width=120)





