The Lallantop

पत्नी की हत्या के बाद से फरार था पूर्व आर्मी कैप्टन, LPG बुकिंग ने पकड़वा दिया

पुलिस को एलपीजी बुकिंग से उसका सुराग मिला. पुलिस ने यही धागा पकड़ा और सीधे हत्यारे के दरवाजे तक पहुंच गई.

Advertisement
post-main-image
पूर्व आर्मी कैप्टन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. फोटोः (India Today)

गैस सिलेंडर के तो आजकल दिन चल रहे हैं. हर दिन सुर्खियों में है. किल्लत की वजह से तो है ही. अब पंजाब पुलिस की वो बड़ी मददगार बनकर सामने आई है. पुलिस ने एलपीजी की मदद से हत्या के एक दोषी को गिरफ्तार किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जिसे गिरफ्तार किया गया है वो आर्मी का पूर्व कैप्टन है. उस पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप था. दोषी पाए जाने के बाद उम्रकैद की सजा मिली थी. जमानत पर बाहर आया था और फरार हो गया था. 4 साल से पुलिस उसे खोज रही थी, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था. तभी पुलिस को एलपीजी बुकिंग से उसका सुराग मिला. पुलिस ने यही धागा पकड़ा और सीधे उसके दरवाजे तक पहुंच गई. 

ये कैसे संभव हुआ वो जानेंगे. पहले पत्नी की हत्या करने वाले पूर्व आर्मी कैप्टन और उसके कारनामों के बारे में जान लेते हैं.

Advertisement

इंडिया टुडे के मुताबिक, पूर्व आर्मी कैप्टन संदीप तोमर 12 बिहार रेजिमेंट में था. अबोहर कैंट में उसकी तैनाती थी. साल 2014 में उस पर पत्नी श्वेता की गला दबाकर हत्या करने और उसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश के आरोप लगे. निचली कोर्ट ने उसे दोषी करार दिया और उम्रकैद की सजा सुनाई. आर्मी ने भी उसे बर्खास्त कर दिया. 

दोषी साबित होने के बाद संदीप तोमर को फिरोजपुर जेल भेजा गया. साल 2019 में जमानत मिलने के बाद वह बाहर आया. मामला हाई कोर्ट लेकर गया. साल 2022 में हाई कोर्ट ने उसकी सजा को बरकरार रखने का फैसला सुनाया. इसके बाद से ही वह फरार था. पुलिस 4 सालों से उसकी तलाश कर रही थी. 

संदीप तोमर के ससुर ने कोर्ट में अर्जी देकर उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी. इसके बाद एसपी आसवंत सिंह की अगुआई में एक SIT बनाई गई, जिसने इस केस की जांच शुरू की. इसी बीच पुलिस को संदीप तोमर का असली पैन कार्ड मिल गया. इसके जरिए उन्हें उसके सारे बैंक अकाउंट्स का पता लग गया. एक प्राइवेट बैंक में भी संदीप का अकाउंट था. 

Advertisement

इसके बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि इसी खाते में एक प्राइवेट कंपनी से उसे हर महीने सैलरी आती थी. इस अकाउंट से एक फोन नंबर भी जुड़ा था. इसकी लोकेशन मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले के आसपास थी. यहां तक तो पंजाब पुलिस पहुंच गई, लेकिन उसकी एग्जैक्ट लोकेशन कैसे पता चले.

बैंक स्टेटमेंट की और जांच की गई. तभी पुलिस को इसमें भारत गैस से एलपीजी सिलेंडर की पेमेंट दिखी. पुलिस ने गैस एजेंसी से संपर्क किया. उस पते पर पहुंची जहां सिलेंडर डिलीवर किया गया था. पंजाब पुलिस को यहीं पर संदीप तोमर मिल गया. मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से संदीप को पंजाब लाया गया है. 

वीडियो: ईरान में बिजली-पानी गुल करने पर तुला अमेरिका, इस्फ़हान पर स्ट्राइक कर दिया

Advertisement