मथुरा के बांके बिहारी मंदिर के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. एक वीडियो में लाइन में लगे श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी हो रही है. उनको बुरी तरह पीटा जा रहा है. दूसरे वीडियो में उसी मंदिर के VVIP घेरे में एक कपल फुल सिक्योरिटी, बिना किसी भीड़ के, बिना धक्का खाए एक-दूसरे को अंगूठी पहना रहे हैं. दोनों वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कैसे मंदिर में भेदभाव किया जा रहा है.
आम आदमी को लात-घूंसे, VVIP को सगाई की इजाजत, मथुरा के मंदिर में हो रहा बड़ा भेदभाव
Banke Bihari Mandir Mathura Video: एक वीडियो में लाइन में लगे श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी हो रही है, उन्हें बुरी तरह पीटा जा रहा है. दूसरे वीडियो में उसी मंदिर के VVIP घेरे में एक कपल फुल सिक्योरिटी, बिना किसी भीड़ के, बिना धक्का खाए एक-दूसरे को अंगूठी पहना रहे हैं.


एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़, वीडियो कामदा एकादशी यानी 29 मार्च का है. इस दिन बांके बिहारी मंदिर में भक्तों का भारी सैलाब उमड़ा था. पहले वीडियो में रात करीब 10 बजे मंदिर बंद होने के पहले कुछ श्रद्धालु प्रणाम करने पहुंचे थे. लेकिन गेट पर सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें वहां से हटाया और वापस जाने को कहा. इस बात को लेकर विवाद हुआ. जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई.
कुछ ही देर में 10 से ज्यादा सिक्योरिटी गार्ड वहां पहुंच गए और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने लगे. वीडियो में मंदिर के गेट पर ज़्यादा भीड़ नहीं दिख रही है. फिर भी सिक्योरिटी गार्ड्स श्रद्धालुओं पर थप्पड़ और घूंसे बरसा रहे हैं. मारपीट के दौरान एक महिला खुद को सिक्योरिटी गार्ड से बचाती भी दिख रही है.
इस वीडियो को लेकर एक और दावा किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय दुकानदार मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे. तभी एंट्री गेट पर तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. बहस इतनी बढ़ी की सिक्योरिटी गार्ड्स और दुकानदारों के बीच मारपीट हो गई. फिलहाल मामले की जांच चल रही है.
मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने इस घटना पर कहा,
‘हम प्रयास कर रहे हैं कि जो श्रद्धालु आएं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो. सुबह और शाम प्रत्येक पाली में एक-एक उप-जिलाधिकारी की तैनाती की गई है. कल की घटना के दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.’
दूसरे वीडियो में कथित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर कपल को बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी के आगे VVIP घेरे में एक-दूसरे को अंगूठी और माला पहनाने की सुविधा मिल रही है. जिसे मंदिर की परंपरा के विरुद्ध बताया जा रहा है. वीडियो में एक गोस्वामी भी दिखाई दे रहे हैं, जो युवक-युवती को आशीर्वाद देते नजर आते हैं. लेकिन वो खुद को इस घटना से अलग बताते हैं. उनका कहना है कि वो केवल वहां मौजूद थे और युवक-युवती ने आशीर्वाद लिया तो उन्होंने परंपरा के अनुसार आशीर्वाद दे दिया.
मंदिर में रिंग सेरेमनी देख लोगों ने कई सवाल खड़े किए. लोगों का कहना है कि मंदिर के सेवायत मनमानी कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक़, इस पूरे मामले पर हाई पावर कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने मीडिया से कहा कि मंदिर में हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी. और आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा.
वीडियो: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मची, 8 की मौत, चश्मदीदों ने सब बताया






















