The Lallantop

पीएम मोदी पर हमले की आशंका वाला लोकसभा का वीडियो सामने आया, क्या दिखा?

Kiren Rijiju Parliament Video: किरेन रिजिजू के शेयर वीडियो में दिखता है कि विपक्ष की महिला सांसद एक बड़ा बैनर लेकर पीएम की चेयर के पास पहुंचीं. इसी घटना पर स्पीकर ओम बिरला ने पीएम मोदी पर हमले की आशंका जताई थी. हालांकि दिलचस्प बात ये कि उस समय पीएम मोदी लोकसभा में थे ही नहीं.

Advertisement
post-main-image
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (बाएं) ने संसद का वीडियो शेयर किया. (PTI/X @KirenRijiju)
author-image
ऐश्वर्या पालीवाल

Kiren Rijiju Shares Parliament Video: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के 5 फरवरी के बयान पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बिरला ने कहा था कि 4 फरवरी को कांग्रेस की कई महिला सांसद सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी के पास पहुंचीं और कोई अप्रत्याशित घटना हो सकती थी. हालांकि, तब पीएम सदन में मौजूद नहीं थे. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

विपक्ष ने इसे महिला सांसदों का अपमान बताया. जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार, 10 फरवरी को घटना का वीडियो शेयर कर दिया. अब कांग्रेस उसी वीडियो के आधार पर रिजिजू और बिरला के बीच मतभेद का दावा कर रही है.

केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता किरेन रिजिजू ने 4 फरवरी की घटना को लेकर कांग्रेस पर संसद का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने X पर जो वीडियो शेयर किया, कांग्रेस ने उसे तुरंत लपक लिया और सवाल दागने शुरू कर दिए. रिजिजू ने अपने वीडियो पोस्ट में लिखा,

Advertisement

"कांग्रेस पार्टी को अपनी सांसदों के सबसे घटिया बर्ताव पर गर्व है!! अगर हमने सभी BJP सांसदों को नहीं रोका होता और महिला सांसदों को कांग्रेस सांसदों से भिड़ने नहीं दिया होता, तो बहुत बुरा सीन होता. संसद की गरिमा और पवित्रता की रक्षा करना हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है."

kiren rijiju video
किरेन रिजिजू का पोस्ट. (X @KirenRijiju)

वीडियो में दिखता है कि विपक्ष की महिला सांसद एक बड़ा बैनर लेकर पीएम की चेयर के पास पहुंचीं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बैनर पर लिखा था- ‘जो उचित समझो, वही करो.’ यह एक व्यंग्य माना जा रहा है, जो पूर्व सेना प्रमुख जनरल (रिटायर्ड) एमएम नरवणे की अनपब्लिश्ड किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' पर आधारित एक मैगजीन आर्टिकल के एक वाक्य के रेफरेंस में था.

इस मेमॉयर का जिक्र कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते पार्लियामेंट में अपने छोटे से भाषण में किया था, जिससे हंगामा मच गया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया. वीडियो में दिखता है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह महिला सांसदों के सामने हाथ जोड़ते हैं और उन्हें वापस अपनी जगह पर जाने के लिए कहते हैं. रिजिजू और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी वीडियो में दिखते हैं.

Advertisement

किरेन रिजिजू के वीडियो पर कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया आई. 10 फरवरी को कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने इंडिया टुडे की सीनियर स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट ऐश्वर्या पालीवाल के साथ बातचीत में बताया,

“मैं किरेन रिजिजू के वीडियो में भी यही देख रहा था, मतलब यह पार्लियामेंट की प्रॉपर्टी है. उन्होंने इस पार्लियामेंट का वीडियो ट्वीट किया है, यह वीडियो स्पीकर की परमिशन के बिना कभी रिलीज नहीं हो सकता... इसमें क्या है, इस वीडियो में क्या दिखाया जा रहा है? इस वीडियो में दिख रहा है कि प्रधानमंत्री कुर्सी पर नहीं हैं और किरेन रिजिजू जी बैठे हैं और अश्विनी वैष्णव जी बैठे हैं और पीयूष गोयल जी बैठे हैं. हमारी महिला सांसद उनके पास जाकर उनसे बात कर रही हैं. इसमें स्पीकर क्या बोल रहे थे? स्पीकर बोल रहे थे कि ये महिला सांसद प्रधानमंत्री पर अटैक करने वाली हैं. लेकिन प्रधानमंत्री तो नहीं हैं. किरेन रिजिजू ने साबित कर दिया कि स्पीकर जो बोल रहे थे वह गलत है. किरेन रिजिजू क्या चाहते हैं? वे स्पीकर से इतने गुस्से में क्यों हैं? स्पीकर कुछ भी करें, किरेन रिजिजू उनके खिलाफ कुछ ना कुछ करते हैं. वे वीडियो रिलीज करते हैं, ट्वीट करते हैं और कुछ ना कुछ बोल देते हैं.”

टैगोर ने अपनी बात जारी रखते हुए दावा किया कि विपक्ष की महिला सांसद कुर्सी के पास गईं और शांति से प्रोटेस्ट किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी कुर्सी पर नहीं थे. प्रधानमंत्री आते और स्पीच देते और फिर नीचे आ जाते. उन्होंने आगे कहा कि जब से किरेन रिजिजू मंत्री बने हैं, तब से ये सब चीजें हो रही हैं

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: क्या स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहा विपक्ष?

Advertisement