The Lallantop

'डॉन 3' विवाद- फरहान पर भड़के रणवीर, बोले- उन्हें निकाल ऋतिक के साथ फिल्म बनाने वाले थे

रणवीर सिंह का कहना है कि फरहान अख्तर ने उनका कोई फीडबैक नहीं माना. उन्हें रिप्लेस करने वाले थे. 'धुरंधर' के बाद...

Advertisement
post-main-image
फरहान और रणवीर फरवरी 2026 से 'डॉन 3' की शूटिंग शुरू करने वाले थे.

Don 3 ने Ranveer Singh और Farhan Akhtar के बीच बड़ा विवाद पैदा कर दिया है. इतना कि बीच-बचाव करने के लिए Aamir Khan समेत कई प्रोड्यूसर्स को आना पड़ गया. Farhan Akhtar की Excel Entertainment का दावा है कि रणवीर के बाहर होने से उन्हें 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. ऐसे में उन्हें इन पैसों की भरपाई करनी चाहिए. पिछले दिनों दोनों पक्षों के बीच काफ़ी गंभीर मीटिंग हुई है. उस मीटिंग में रणवीर ने फरहान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. सबसे बड़ा आरोप ये है कि ‘डॉन 3’ से उन्हें निकाल Hrithik Roshan को कास्ट करने वाले थे. Dhurandhar की सफलता के बाद वापस उनके पास आए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पिछले दिनों ‘डॉन 3’ के प्रोड्यूसर्स के साथ रणवीर की दो मीटिंग्स हुईं. हफ़्ते भर पहले हुई पहली मीटिंग में रणवीर, फरहान और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) के लोग मौजूद थे. PGI की तरफ़ से साजिद नाडियाडवाला समेत कुछ अन्य प्रोड्यूसर्स ने इस बीच-बचाव में हिस्सा लिया. उसमें रणवीर के ‘डॉन 3’ से बाहर होने के बाद हुए नुकसान को आंका गया. साथ ही इस पर भी विमर्श हुआ कि अगर कोई एक्टर प्री-प्रोडक्शन के बाद फिल्म छोड़ दे, तो उस खर्चे की भरपाई कैसे हो. दूसरी मीटिंग 07 फरवरी को हुई थी. इसमें PGI की तरफ़ से आमिर खान, सिद्धार्थ रॉय कपूर और रमेश तौरानी जैसे बड़े नाम शामिल हुए. इस बातचीत में रणवीर के पॉइंट ऑफ व्यू को समझने की कोशिश की गई.

बॉलीवुड हंगामा ने मौके पर मौजूद एक प्रोड्यूसर के हवाले से बताया,

Advertisement

"रणवीर सिंह ने एक्सेल एंटरटेनमेंट पर गैर-पेशेवर रवैए का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि डॉन 3 को लेकर मेकर्स सीरियस नहीं थे. उनके पास फिल्म शुरू करने को लेकर ठोस तैयारी नहीं थी. रणवीर के मुताबिक, फरहान अख्तर के पास कभी भी फिल्म की पूरी और फाइनल स्क्रिप्ट थी ही नहीं. उन्होंने साफ कहा कि वो बतौर एक्टर सिर्फ़ उसी प्रोजेक्ट पर काम करना पसंद करते हैं, जिसकी स्क्रिप्ट पूरी तरह से तैयार हो."

रणवीर ने इस मीटिंग के दौरान ऋतिक रोशन को लेकर भी एक बड़ा बयान दिया. रिपोर्ट के मुताबिक,

"रणवीर ने कहा कि फरहान अख्तर स्क्रिप्ट पर किसी तरह का फ़ीडबैक लेने को तैयार नहीं थे. रणवीर के सुझाव पर कुछ सब-प्लॉट्स जोड़ने में उन्हें दिक्कत आ रही थी. रणवीर का ये भी कहना है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ठीक इसी दौरान ऋतिक रोशन को फिल्म में लाने की संभावनाएं तलाश रहा था. रणवीर का कहना है कि धुरंधर की सक्सेस के बाद ही एक्सेल ने उनसे दोबारा कॉन्टैक्ट किया. ताकि उनके बॉक्स ऑफिस मोमेंटम का फायदा उठाया जा सके."

Advertisement

रणवीर की टीम के मुताबिक, उन्हें करीब तीन साल तक असमंजस की स्थिति में रखा गया. इस दौरान फरहान अख्तर अपने दूसरे कमिटमेंट्स, खासकर बतौर एक्टर काम करने में व्यस्त रहे. इस वजह से ‘डॉन 3’ की स्क्रिप्ट पर ठीक तरह से काम हो ही नहीं पाया था. रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर को महसूस हुआ कि जब उन्होंने फिल्म साइन की थी, तब उनके किरदार और कहानी को जिस तरह से बताया गया था, फाइनल स्क्रिप्ट उससे काफी कमज़ोर थी.

सूत्र ने इस विवाद में फरहान का पक्ष भी बताया है. उनके मुताबिक,

"फरहान अख्तर का कहना है कि रणवीर ने कभी भी स्क्रिप्ट को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई थी. उल्टा, वो अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के बाद थर्ड जनरेशन के डॉन बनने को लेकर काफी एक्साइटेड थे. फरहान ने ये भी कहा कि स्क्रिप्ट समय-समय पर रणवीर को दिखाई जाती रही. यही नहीं, उसे हर स्टेज पर रणवीर सिंह से मंज़ूरी भी मिलती रही."

एक्सेल एंटरटेनमेंट का कहना है कि उन्होंने रणवीर की कई शर्तें मान ली थीं. मगर रणवीर की ‘स्टारी डिमांड्स’ थीं. जब वो पूरी नहीं की गईं, तो उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. इससे मेकर्स को 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अनप्रोफेशनल होने का आरोप लगा रहे हैं. एक्सेल ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड से गुहार की है कि वो कोई ऐसा नियम बनाएं, जहां रणवीर समेत अन्य एक्टर्स की डिमांड्स पर लगाम लगाई जा सके. दूसरी तरफ़, रणवीर ने साफ़ कह दिया है कि उन्होंने स्क्रिप्ट की वजह से फिल्म छोड़ी है. इसलिए वो किसी भी सूरत में 40 करोड़ रुपये चुकाने की ज़िम्मेदारी नहीं लेंगे.

वीडियो: 'डॉन 3' में वापसी के लिए शाहरुख खान ने ये कैसी शर्त रख दी?

Advertisement