The Lallantop

इस्तांबुल एयरपोर्ट पर 24 घंटे से फंसे हैं इंडिगो एयरलाइंस के 400 यात्री, मालूम है किस लिए?

Indigo एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या-6E0018 के यात्री गुरुवार 12 दिसंबर से इस्तांबुल एयरपोर्ट पर फंसे हैं. यात्रियों के बीच गुस्सा है क्योंकि पहले उड़ान का समय बदला गया. फिर बिना किसी सूचना के फ्लाइट रद्द कर दी गई.

Advertisement
post-main-image
24 घंटे से इस्तांबुल एयरपोर्ट पर भूखे-प्यासे फंसे हैं यात्री

इंडिगो के 400 यात्री पिछले गुरुवार 12 दिसंबर से इस्तांबुल एयरपोर्ट (Indigo Passegers Stuck in Istanbul) पर फंसे हुए हैं. फ्लाइट में देरी के कारण ऐसा हुआ है. एयरलाइन्स ने बताया कि ऑपरेशनल वजहों से फ्लाइट में देरी हो रही है. इन यात्रियों को फ्लाइट की तरफ से न तो खाना दिया गया और न ही रहने के लिए सही सुविधा. इस कारण यात्रियों को फ्लाइट की देरी के साथ ही अन्य परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

फ्लाइट संख्या-6E0018 में नई दिल्ली, मुंबई और तुर्किए के यात्री फंसे हुए हैं. एक्स और लिंक्डइन पर पैसेंजर्स इंडिगो फ्लाइट की सर्विस को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. यात्रियों के बीच गुस्सा है क्योंकि पहले उड़ान का समय बदला गया. फिर बिना किसी सूचना के फ्लाइट रद्द कर दी गई.

इस्तांबुल एयरपोर्ट पर फंसे यात्री

शुभम बंसल नाम के एक शख्स ने लिंक्डइन पर इंडिगो फ्लाइट की व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने लिखा कि वो 400 यात्रियों में से एक हैं. हम पिछले 24 घंटे से इस्तांबुल एयरपोर्ट पर खड़े हैं. इंडिगो की तरफ से हमें कोई जानकारी नहीं दी जा रही है. वहीं, अनुश्री भंसाली नाम की एक महिला ने सोशल मीडिया पर शिकायत करते हुए कहा कि उड़ान में दो बार एक घंटे की देरी हुई. इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया. फिर और बाद में खबर आई कि फ्लाइट 12 घंटे बाद रीशेड्यूल कर दी गई है. यात्रियों ने फूड वाउचर न मिलने, बुखार और थकावट की भी शिकायत की है.

Advertisement

मुंबई जाने वाले पार्श्व मेहता ने एक्स पर ट्वीट कर कहा,

रात 8.15 फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी, जिसे रात 11  बजे तक के लिए टाल दिया गया और फिर अगले दिन 10 बजे के लिए फ्लाइट के उड़ान भरने का समय दिया गया.

Advertisement

एक अन्य ट्वीट में पार्श्व मेहता ने कहा,

इतना ही नहीं, इंडिगो की तरफ से फ्लाइट के लेट होने से जुड़ी कोई जानकारी हमें नहीं दी गई. तुर्की एयरलाइंस के क्रू की तरफ से हमें फ्लाइट के बारे में पता लगा. आगे उन्होंने बताया कि हमें कहा गया था कि लाउंज की व्यवस्था मिलेगी. लेकिन लाउंज 400 लोगों के हिसाब से काफी छोटा था, इस कारण कई यात्री बिना किसी सुविधा के ऐसे ही कई घंटों तक खड़े रहे.

पार्श्व मेहता के कई ट्वीट करने के बाद एयरलाइन ने असुविधा के लिए माफी मांगी.

इंडिगो को मिली खराब रैंकिंग

इस महीने की शुरुआत में एयरहेल्प स्कोर रिपोर्ट 2024 सामने आई थी. इस रिपोर्ट में इंडिगो को सबसे खराब एयरलाइन्स की लिस्ट में शामिल किया गया था. 109 एयरलाइंस में से इसे 103वां स्थान मिला था. जबकि एयर इंडिया को 61वां और एयर एशिया को 94वां स्थान मिला था.

 

वीडियो: फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी, अब तक की जांच में क्या पता चला?

Advertisement