भारतीय रेलवे का लोगो बदलने वाला है. अब रेलवे में 17 नहीं, बल्कि 18 सितारे चमक बिखेरेंगे. रेलवे बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है. और 1 जून 2026 से ये अमल में भी आ जाएगा. लोगो में बदलाव की वजह है रेलवे में एक नए जोन का शामिल होना. नाम है साउथ कोस्ट रेलवे जोन (SCoR).
भारतीय रेलवे के लोगो में अहम बदलाव, वजह ये जोन है
Indian Railways new logo: भारतीय रेलवे अपना लोगो अपडेट करते हुए 17 से 18 स्टार्स लगाने वाला है. ये अपडेट साउथ कोस्ट रेलवे (SCoR) जोन के निर्माण के बाद हुआ है. जो 1 जून से आधिकारिक तौर पर काम करना शुरू कर देगा.


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 जनवरी 2025 को विशाखापत्तनम में साउथ कोस्ट रेलवे की आधारशिला रखी थी. ये नया मुख्यालय मुदासरलोवा में 52.2 एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है. 1 जून से ये जोनल रेलवे काम करना शुरू करेगा.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने बयान में कहा गया कि साउथ कोस्ट रेलवे के 18वें जोनल रेलवे के तौर पर बनने के बाद लोगो में लाल रंग के 18 सितारे शामिल किए गए हैं. इस लोगो को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन (CRB) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने भारतीय रेलवे में आधिकारिक इस्तेमाल के लिए मंजूरी दे दी है.
4 मई 2026 को जारी एक गजट अधिसूचना में रेल मंत्रालय ने कहा था कि केंद्र सरकार मौजूदा ईस्ट कोस्ट रेलवे और साउथ सेंट्रल रेलवे जोन से एक नया जोनल रेलवे का गठन करेगी. इसका नाम साउथ कोस्ट रेलवे होगा. और मुख्यालय विशाखापट्टनम में.
नोटिफिकेशन में बताया गया था कि ईस्ट कोस्ट रेलवे के मौजूदा वाल्टेयर डिवीजन को दो भागों में विभाजित किया जाएगा. एक हिस्सा मौजूदा ईस्ट कोस्ट रेलवे में ही रहेगा. मगर उसका नाम अब रायगड़ा डिविजन होगा. जबकि वाल्टेयर डिवीजन का शेष हिस्सा साउथ कोस्ट रेलवे (SCoR) जोन में जाएगा. उसका नाम विशाखापत्तनम डिवीजन होगा.
साउथ कोस्ट रेलवे (SCoR) जोन आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु राज्यों को कवर करेंगे. इसमें गुंटकल, गुंटूर, विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम (वाल्टेयर) रेलवे डिवीजन शामिल होंगे.
भारतीय रेलवे के लोगो में सितारे जोनल रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हैं. साल 2003 से पहले लोगो में 9 सितारे थे. फिर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में सात नए जोन बने, जिससे सितारों की संख्या बढ़कर 16 हो गई थी. साल 2010 में केंद्र सरकार ने मेट्रो रेलवे कोलकाता का एक अलग जोन माना. और सितारों की संख्या तब से लेकर अब तक 17 चल रही थी. जो अब एक दशक से ज्यादा समय बाद 18 होगी.
वीडियो: ईरान पर अमेरिका ने फिर हमला क्यों कर दिया?


















