भारतीय एयरफोर्स के एक और तेजस लड़ाकू विमान के डैमेज होने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक किसी संदिग्ध तकनीकी खराबी के बाद एक तेजस विमान को नुकसान पहुंचा है. हालांकि पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर गया.
एक और तेजस विमान डैमेज, खबर 2 हफ्ते बाद बाहर आई, पूरी फ्लीट को किया गया ग्राउंड
Tejas Fighter Jet के हादसे का यह तीसरा मामला है. मार्च 2024 और नवंबर 2025 में तेजस फाइटर प्लेन क्रैश हो चुके हैं.


यह तेजस एयरक्राफ्ट के हादसे का तीसरा मामला है. इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर के पास फायरपावर डेमोंस्ट्रेशन से लौटते समय एक तेजस एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था. फिर नवंबर 2025 में दुबई में हुए एयरशो में दूसरा तेजस एयरक्राफ्ट हवा में करतब दिखाने के दौरान क्रैश हो गया था. इस हादसे में पायलट की भी जान चली गई थी.
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसाइंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार हालिया घटना फरवरी महीने के शुरुआत की है. सूत्रों ने बताया कि एक प्रमुख एयरबेस के ऑपरेशनल एरिया में यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि एक रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी के बाद फाइटर प्लेन लैंड कर रहा था, तभी उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई और एयरक्राफ्ट डैमेज हो गया.
सूत्रों के मुताबिक एयरफ्रेम को गंभीर नुकसान होने के बाद अब एयरक्राफ्ट को राइट ऑफ किया जा सकता है यानी इसे ऑपरेशन से बाहर किया जा सकता है. शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध तकनीकी गड़बड़ी की ओर इशारा किया गया है. इसमें ऑनबोर्ड सिस्टम से जुड़ी खराबी भी शामिल है. एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक घटना के बाद एयरफोर्स ने सिंगल-सीट तेजस जेट की अपनी पूरी फ्लीट को टेक्निकल जांच के लिए ग्राउंड कर दिया है.
यह भी पढ़ें- तेजस दुबई में क्रैश, हैरान दुनिया उठा रही साख पर सवाल! जवाब HAL और DRDO को देने हैं
मालूम हो कि तेजस भारत का खुद का बनाया हुआ फाइटर प्लेन है. यह एक हल्का, सिंगल-इंजन, मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और DRDO ने मिलकर बनाया है. अब इसके मार्क 1A वेरिएंट पर भी काम चल रहा है. इंडियन एयरफोर्स 180 तेजस Mk-1A जेट खरीदने के लिए ऑर्डर भी दे चुकी है, लेकिन यह प्रोग्राम समय से काफी पीछे चल रहा है.
वीडियो: HAL के MD ने फाइटर जेट तेजस के क्रैश पर क्या कहा?






















