तेलंगाना के यदाद्री-भुवनगिरी जिले में 27 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की लाश स्विमिंग पूल में मिली. यह घटना एक वीकेंड ऑफिस पार्टी के दौरान हुई. आरोप है कि पार्टी में शराब पीने के बाद इंजीनियर की एक साथी से बहस हुई थी. मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी.
ऑफिस पार्टी के बाद पूल में मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव, साजिश की आशंका
Telangana में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव फार्महाउस के स्विमिंग पूल में मिला. ऑफिस वीकेंड पार्टी में शराब पीने के बाद एक साथी से बहस हुई थी. पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है.


टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान गंडला रामू के तौर पर हुई है. वे मंचेरियल जिले के रहने वाले थे और हैदराबाद में ‘एसेंट बिजनेस सॉल्यूशंस’ में काम करते थे. इसी कंपनी के करीब 20 साथियों ने शनिवार, 13 जून को चौतुप्पल इलाके में बने एक फार्महाउस में गेट-टुगेदर पार्टी रखी थी. चौतुप्पल के इंस्पेक्टर एन. मनमधा राव ने बताया कि पार्टी के दौरान ग्रुप ने शराब पी और रामू की कथित तौर पर एक कर्मचारी के साथ थोड़ी बहस हो गई.
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ घंटे बाद रात करीब 1 बजे रामू स्विमिंग पूल में पड़े मिले. उनके साथी उन्हें बचाने के लिए दौड़े और CPR देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन्हें चौतुप्पल के पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: 6 माह के बच्चे को गोद में लेकर छठी मंजिल से कूदी, महिला की तुरंत मौत, बच्चा बच गया
पुलिस ने क्या बताया?पुलिस को रात करीब 2 बजे अस्पताल से मौत की जानकारी मिली. इंस्पेक्टर एन. मनमधा राव ने कहा,
"उनके परिवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बहस के बाद उन्हें डंडे से मारा गया. हमने उसी के मुताबिक हत्या का मामला दर्ज किया है. हमने अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की है. पार्टी में 20 लोग थे, और सभी नशे में थे."
यह शिकायत रामू के पिता जी. अंजैया ने 14 जून की सुबह दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि उन्हें रामू का आईडी कार्ड और मोबाइल फोन मिला है. कोई और चीज जब्त नहीं की गई. इंस्पेक्टर ने कहा कि वे पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि रामू के पूल में जाने से पहले हुई घटनाओं का क्रम पता चल सके. पुलिस ने कहा कि वे फार्महाउस में शराब पीने के बारे में एक्साइज डिपार्टमेंट से भी जानकारी लेंगे.
वीडियो: बेंगलुरु में इंजीनियर को किसने चाकू मार दिया?


















