The Lallantop

अमित शाह का बेटा बन विधायक से पैसे मांगे थे, हरिद्वार पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस ने उत्तराखंड की रानीपुर सीट से विधायक आदेश चौहान को धमकाने वाले आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपी गृहमंत्री अमित शाह का बेटा बनकर विधायक से पैसों की मांग कर रहा था.

Advertisement
post-main-image
विधायकों को धमकाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार. (X @haridwarpolice)
author-image
अंकित शर्मा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा बनकर विधायक को धमकाने के केस में हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने राजधानी दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उत्तराखंड के रानीपुर से विधायक आदेश चौहान को आरोपी ने धमकी देकर पैसों की डिमांड की थी. इसके लिए उसने खुद को अमित शाह का बेटा बताया था. 14 फरवरी 2025 को इस मामले में एमएलए के जनसंपर्क अधिकारी ने बाहादराबाद थाने में केस दर्ज कराया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शिकायत में कहा गया कि एक अनजान व्यक्ति ने अमित शाह का बेटा बनकर विधायक को धमकाया और पैसे भी मांगे. आजतक से जुड़े अंकित शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (2) के तहत FIR संख्या 102/25 दर्ज की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आरोपी को दबोचने के लिए सीओ ज्वालापुर के नेतृत्व में कई टीम बनाईं.

हरिद्वार पुलिस की टीम ने दिल्ली और गाज़ियाबाद में दबिश दी. 17 फरवरी को पुलिस के हाथ सफलता लगी, जब उसने आरोपी प्रियांशु पंत को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी बरामद किया है.

Advertisement

हरिद्वार पुलिस ने एक्स पर बताया कि रानीपुर विधायक को धमकाने के आरोपी को पुलिस दिल्ली से दबोच लाई है. इस मामले में शामिल आरोपियों ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा और नैनीताल विधायक सरिता आर्य से भी पैसों की डिमांड की थी.

आरोपी प्रियांशु बागेश्वर का रहने वाला है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने अपने दो साथियों उवेश अहमद और गौरवनाथ के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया. पैसों की कमी दूर करने और लग्जरी लाइफ जीने के लिए इन्होंने यह कदम उठाया. अन्य विधायकों को धमकी देने के आरोप में इनके खिलाफ नैनीताल कोतवाली और रुद्रपुर कोतवाली में भी मामले दर्ज हैं.

Advertisement

आरोपी गौरवनाथ की क्रिमिनल हिस्ट्री भी मिली है. 2024 में उसने प्रधानमंत्री कार्यालय का सेक्रेटरी बनकर एक विधायक से पैसे मांगे थे. तब उसे नासिक से गिरफ्तार किया गया था. उवेश अहमद को रुद्रपुर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. फिलहाल, गौरवनाथ वांटेड है और पुलिस उसे तलाश कर रही है.

इसी तरह मणिपुर में भी विधायकों को धमकाने के लिए अमित शाह के बेटे का नाम लेकर फर्जी कॉल करने के मामले सामने आए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यव्रत सिंह को भी ऐसी कॉल आई.

थोकचोम सत्यव्रत सिंह ने द हिंदू को बताया कि उन्हें वॉट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. उसने खुद को जय शाह बताकर सरकार बनाने के लिए 4 करोड़ रुपये की डिमांड की थी. इन फर्जी कॉल्स को देखते हुए मणिपुर पुलिस ने इंफाल थाने में FIR दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि इस तरह विधायकों को गुमराह करने की कोशिश हो रही है.
 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: KIIT में नेपाली छात्रा के सुसाइड के बाद क्या-क्या हुआ?

Advertisement