बिहार के बेगूसराय में एक महिला से कथित तौर पर पांच लोगों ने गैंगरेप किया. पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके शरीर पर ब्लेड चलाया और प्राइवेट पार्ट में कई चीजें घुसा दीं. महिला से पूछताछ के दौरान सामने आया कि निजी अंग में जबरदस्ती बंदूक की गोली, पत्थर और लकड़ी डाली गई थी. महिला फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. टीम का नेतृत्व दो DSP लेवल के अधिकारी कर रहे हैं.
बिहार में पति को घर में बंद कर पत्नी से गैंगरेप, प्राइवेट पार्ट से बुलेट, पत्थर और लकड़ी निकली
बिहार के बेगूसराय में एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. पांच आरोपियों ने महिला के हाथ पैर बांधे. उस पर ब्लेड से वार किया. इसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट में गोली, पत्थर और लकड़ी डाल दी.


इंडिया टुडे से जुड़े सौरभ कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, बीती 11 जून को पीड़िता शौच के लिए घर से बाहर निकली थी. उसी वक्त आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. अगली सुबह यानी 12 जून को महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने देर शाम उसे घर भेज दिया. लेकिन पीड़िता को दर्द से आराम नहीं मिला था. हालत में जरा भी सुधार ना होता देख उसे 17 जून की सुबह दोबारा सदर अस्पताल लाया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने महिला के पेट से कारतूस, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा मिलने की पुष्टि की.
पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत देने के बाद भी पुलिस लगातार लापरवाही बरत रही थी. उसका दावा है कि घटना के दिन उसने पुलिस को इसकी सूचना दी थी. लेकिन, पुलिस ने उसे अस्पताल भेज दिया. महिला का कहना है कि मामला दर्ज तो किया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.
आरोप ये भी है कि तीन महीने पहले भी महिला के साथ तीन बदमाशों ने घर में घुसकर बलात्कार करने की कोशिश की थी. उस दौरान मारपीट और लूटपाट की घटना अंजाम दी गई थी. पीड़िता के मुताबिक उसने उस वक्त भी मामला दर्ज कराया था. इस बार आरोपियों ने अमानवीयता की हदें पार करते हुए उसके साथ गैंगरेप किया और उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सदर DSP आनंद कुमार पांडे, सदर DSP दुर्गा कुमारी समेत महिला पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे. यहां दोबारा महिला का बयान दर्ज कराया गया. पीड़िता ने बताया,
"11 जून की रात करीब 11:30 बजे हम शौचालय गए थे. तभी पांच बदमाश मेरे दरवाजे पर बैठ गए और मेरे पति का रूम बाहर से बंद कर दिया. हम शौचालय से निकले तो हमारा मुंह दबा दिया. इसके बाद बदमाशों ने साड़ी खोलकर मुंह और ब्लाउज फाड़कर हाथ बांध दिया, जिससे हम शोर नहीं मचा सके. इसके बाद बदमाशों ने हाथ-पैर बांध दिया. हमने आवाज करने की कोशिश की तो बदमाशों ने मारा और वहां से उठाकर एक अंधेरी जगह ले गए. यहां पांचों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. हम छोड़ देने की गुहार लगाते रहे तो उन लोगों ने शरीर पर ब्लेड मार दिया, मारपीट भी की. इसके बाद बदमाशों ने मुझे घर में ही फेंक दिया."
पीड़िता ने बताया कि आवाज सुनकर उसका पति बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाहर से गेट बंद था. इसके बाद पति ने महिला की छोटी देवरानी को फोन किया तो उसने आकर पति को निकाला. पीड़िता ने आगे बताया,
“हम बरौनी हॉस्पिटल गए. वहां से हमें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. मेरा इलाज किया गया, लेकिन अंदरूनी पार्ट में लगातार दर्द हो रहा था. उस दौरान मेडिकल हुआ, जांच में डॉक्टरों ने कहा कि बुरी तरीके से दुष्कर्म किया गया है, जिसके कारण दर्द कर रहा है. फिर घर चले गए, कल बहुत दर्द था तो फिर से हम सदर अस्पताल आए. यहां जांच के दौरान मेरे गुप्तांग से गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा निकाला गया है. अभी भी लगातार दर्द कर रहा है. दुष्कर्म के दौरान हम बेहोश हो गए थे. लग रहा है कि पांचों ने उस दौरान मेरे गुप्तांग में गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा डाल दिया था. निकालने के दौरान भी दर्द हुआ और अभी भी बहुत दर्द हो रहा है.”
घटना पर DSP आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा, “महिला का बयान सच लग रहा है. वो 12 जून की शाम डिस्चार्ज होकर घर चली गई थी. फिर घर से वापस लौट कर आई तो इंटरनल पार्ट्स में दर्द हो रहा था. इंटरनल पार्ट्स से बुलेट आदि का टुकड़ा निकाला गया है. सभी बिंदुओं पर जांच कर घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा. उनका स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा. कोर्ट में दिए गए बयान में भी दुष्कर्म किए जाने की बात कही गई है.”
DSP ने ये भी भरोसा दिलाया कि अगर जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आएगी तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: सुप्रीम कोर्ट ने रेप पीड़िताओं के अबॉर्शन पर केंद्र को क्या आदेश दिया?



















