The Lallantop

बिना हेलमेट के बाइक में पेट्रोल भराने पहुंचा लाइनमैन, नहीं दिया तो पेट्रोल पंप की बिजली काट गया

Hapur petrol pump power cut by lineman: हापुड़ जिले में एक लाइनमैन बिना हेलमेट पहने पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भराने गया. जब पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसे पेट्रोल देने से इनकार किया तो उसने पेट्रोल पंप की लाइट काट दी.

Advertisement
post-main-image
बिना हेलमेट के बाइक में पेट्रोल नहीं भरा तो लाइनमैन ने पेट्रोल पंप की बिजली काट दी. (सांकेतिक तस्वीर-AI)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में विद्युत विभाग के एक लाइनमैन की अनोखी हरकत ने सभी को चौंका दिया. लाइनमैन बिना हेलमेट पहने पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भराने गया था. हेलमेट नहीं होने की वजह से पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसे पेट्रोल देने से इनकार कर दिया. इससे नाराज होकर लाइनमैन ने तुरंत पास में लगे बिजली के खंभे पर चढ़कर पेट्रोल पंप की लाइट काट दी. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. अब अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े देवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला हापुड़ में परतापुर रोड पर स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप का है. यहां हेलमेट को लेकर जिलाधिकारी ने एक आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, बिना हेलमेट के किसी भी बाइक सवार को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा. इसी आदेश का पालन पेट्रोल पंप के कर्मचारी कर रहे थे.

आदेश के प्रभाव में आने के बाद हेलमेट पहने एक लाइनमैन बाइक में पेट्रोल भरवाने आया. आदेश के तहत जब कर्मचारियों ने उसे पेट्रोल देने से इनकार कर दिया, तो लाइनमैन जिद पर अड़ गया. इस पर लाइनमैन और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई. गुस्से में आकर लाइनमैन ने पास में लगे विद्युत पोल पर चढ़कर बिजली की लाइन काट दी. इस हरकत से पेट्रोल पंप की मशीनें ठप हो गईं.

Advertisement

बाद में पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा,

“पेट्रोल पंप के मालिक का संदेश आया था कि डीएम साहब का आदेश है कि बिना हेलमेट किसी को तेल न दिया जाए. इसके बाद लाइनमैन साहब बिना हेलमेट पहने आए और तेल भरने की जिद करने लगे. जब मना किया गया, तो उन्होंने गुस्से में आकर लाइन काट दी. लगभग 20 मिनट तक लाइट कटी रही.”

घटना की जानकारी पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मालिक को दी. उसने मामले की शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की. पुलिस के आने पर लाइनमैन ने माफी मांगी और लाइन को फिर से जोड़ा. इस घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

Advertisement

वीडियो: ट्रक ड्राइवरों की देशभर में हड़ताल, पेट्रोल पंप पर लगीं लंबी लाइन, इस कानून का हो रहा विरोध

Advertisement