मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध की लड़ाई उनके घर तक पहुंच गई है. बीती 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आगरा में उनके घर तक पहुंच गए थे. उन्होंने ज्ञानेश कुमार के घर के गेट और दीवारों पर कालिख पोत दी थी. अब इस विरोध को एक धार्मिक अनुष्ठान से जवाब मिला है. जिस कॉलोनी में ज्ञानेश कुमार का घर है, वहां के लोगों ने विरोध करने वालों की ‘मानसिक शुद्धि’ के लिए धार्मिक आयोजन शुरू कर दिया है. इसके तहत कलश यात्रा निकालकर वैदिक मंत्रोच्चार के जरिए गंगाजल से घर की दीवारों को शुद्ध किया गया. फिर सुंदरकांड का पाठ भी किया गया.
CEC ज्ञानेश कुमार के घर का गंगाजल से शुद्धीकरण क्यों किया गया?
आगरा में CEC ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के कुछ दिन बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक आयोजन किया. कलश यात्रा निकालकर गंगाजल से घर की दीवारों का शुद्धीकरण किया गया और सुंदरकांड का पाठ हुआ.

इस धार्मिक आयोजन को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का जवाब माना जा रहा है. दरअसल, 28 सितंबर को आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए विजय नगर में उनके पैतृक घर तक पहुंच गए. प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर घर के मेन गेट और दीवारों पर कालिख पोतने के साथ स्प्रे से 'वोट चोर' और 'गद्दार' जैसे शब्द लिख दिए.
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया. 6 लोगों को जेल भेजा गया, जिन्हें बाद में सीजेएम कोर्ट से जमानत मिल गई. 4 अक्टूबर को वो सब रिहा हो गए. रिहाई के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालने की कोशिश की, जिस पर पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई.
इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के इस आक्रामक विरोध प्रदर्शन से ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती काफी आहत हुईं. उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले लोगों को सद्बुद्धि मिले. इसके लिए विजयनगर महिला मंडल ने एक धार्मिक आयोजन किया है. ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता ने कहा कि जिस SIR की प्रक्रिया के लिए ज्ञानेश कुमार का विरोध हो रहा है, वो भ्रम हटाने की प्रक्रिया है. इसका मकसद है कि हर आदमी को वोटिंग राइट मिले.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और दूसरी पार्टियां ये नहीं सोचतीं. दक्षिण भारत में SIR के बाद भी वो जीतती हैं. लेकिन यहां (उत्तर भारत में) उन्हें आपत्ति होती है. उन्होंने कहा कि सत्य की प्राप्ति के लिए उनके घर पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली पुलिस राहुल गांधी को उठाकर ले गई, खिड़की से बाहर लटके कांग्रेस सांसद, वीडियो में सब दिखा
कार्यक्रम करने वालों ने बताया कि इसका उद्देश्य सिर्फ घर के धार्मिक शुद्धीकरण तक सीमित नहीं है. ज्ञानेश कुमार के बुजुर्ग माता-पिता की सेहत, खुशहाली और लंबी उम्र के लिए धार्मिक आयोजन किया जा रहा है.
वीडियो: निर्मला सीतारमण के सामने नारेबाजी, कांग्रेस ने साझा किया वायरल वीडियो, सीएम नायडू ने क्या कहा?










