हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सुशांत लोक फेज-2 में पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच गुरुवार (9 जुलाई) को मुठभेड़ हो गई. पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच 60 राउंड फायरिंग हुई है. इस एनकाउंटर में चार गैंगस्टर मारे गए हैं. साथ ही तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है लेकिन उनकी जान बच गई. पुलिस के मुताबिक ये शूटर्स विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नंदल से जुड़े थे. एनकाउंटर के बाद पुलिस को गैंगस्टर्स के पास से 5 ऑटोमैटिक हथियार भी मिले हैं.
गुरुग्राम एनकाउंटर: 60 राउंड फायरिंग से दहशत, 4 गैंगस्टर मारे गए, 3 पुलिसकर्मी घायल
Gurugram Encounter: एनकाउंटर में मारे गए चारों आरोपियों का कनेक्शन विदेश में बैठे Gangster Deepak Nandal से है. पुलिस को इनके पास से Automatic Weapons भी मिले हैं. साथ ही Gurugram Crime Branch के 3 पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह एनकाउंटर तब शुरू हुआ जब शूटरों ने सुशांत लोक इलाके में एक जाने-माने बिजनेसमैन के घर पर गोलीबारी की. गोली चला कर वो भागने की कोशिश कर रहे थे. बताया जा रहा है कि बिजनेसमैन को विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से बार-बार रंगदारी के मैसेज मिल रहे थे.
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीमों को पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी मिली थी कि हथियारों से लैस कुछ अपराधी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो SUV में घूम रहे हैं. लिहाजा क्राइम ब्रांच की टीमें उन्हें ट्रैक करते हुए सुशांत लोक इलाके में पहुंचीं. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ऑटोमैटिक हथियारों से एक व्यापारी के घर पर फायरिंग शुरू कर चुके थे.
पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच ने आरोपियों को सरेंडर करने के कहा था. लेकिन शूटर्स ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगे. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में सभी पांच शूटर्स को गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने सभी पांच घायल संदिग्धों को एक प्राइवेट सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक आरोपी का इलाज चल रहा है.
तीन पुलिसकर्मियों को लगी गोलीगोलीबारी के दौरान गुरुग्राम क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है. अधिकारियों ने तीनों घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया, जहां लगातार मेडिकल निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. साथ ही सीन ऑफ क्राइम यूनिट, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और दूसरी पुलिस यूनिट की टीमों ने घटनास्थल की साइंटिफिक और टेक्निकल जांच के लिए वहां से सबूत जुटाए हैं. गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि मारे गए और घायल आरोपियों की पहचान, उनके क्राइम रिकॉर्ड, बरामद हथियारों की जानकारी और दूसरी जरूरी बातें जांच के बाद अलग से बताई जाएंगी.
(यह भी पढ़ें: बरुईपुर रेप-मर्डर केस: आरोपी का आधी रात को एनकाउंटर, पिस्तौल छीन कर रहा था भागने की कोशिश)
वीडियो: पश्चिम बंगाल बरुईपुर रेप-मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, मां ने क्या कहा?









