गुजरात के आणंद जिले के एक गर्ल्स हॉस्टल में खाना खाने के बाद करीब 200 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. छात्राओं ने उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत की. इनमें से करीब 20 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं. फूड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही छात्राओं की तबीयत खराब होने की वजह पता चलेगी.
उल्टी, दस्त, पेट दर्द... गुजरात के गर्ल्स हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग, करीब 200 छात्राएं बीमार
Gujarat में एक गर्ल्स हॉस्टल में खाना खाने से करीब 200 छात्राएं बीमार हो गईं. इनमें से 20 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और फूड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला आणंद जिले के वल्लभ विद्यानगर स्थित ‘राणक गर्ल्स हॉस्टल’ का है. हॉस्टल में करीब 900 छात्राएं रहती हैं. इंडिया टुडे से जुड़ी हेताली शाह की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला महामारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश पटेल ने बताया कि छात्राओं ने गुरुवार, 10 सितंबर की रात का खाना खाने के बाद शुक्रवार सुबह से तबीयत खराब होने की शिकायत की. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम हॉस्टल पहुंची और छात्राओं का इलाज शुरू किया.
हॉस्टल की ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) डॉ. केतकी सेठ के मुताबिक, करीब 200 छात्राएं फूड पॉइजनिंग से प्रभावित हुई हैं. करीब 20 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी की हालत अब ठीक है.
गुरुवार रात के मेन्यू में पनीर की सब्जी और फ्रूट सलाद शामिल था. डॉ. केतकी के मुताबिक, खाने में इस्तेमाल किया गया पनीर और दूध बाहर से मंगाया गया था. दोनों के सैंपल जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजे गए हैं. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही छात्राओं के बीमार होने की असली वजह साफ हो पाएगी.
ये भी पढ़ें: शिवरात्रि मेले में खाने से बीमार पड़े 100 से ज्यादा बच्चे, 175 लोगों को भर्ती कराना पड़ा
डॉ. राकेश पटेल ने बताया कि फूड सेफ्टी अधिकारियों ने हॉस्टल से खाने और पानी के सैंपल भी लिए हैं. इन्हें जांच के लिए भेजा गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें हॉस्टल के पानी की सप्लाई और किचन की साफ-सफाई की भी जांच कर रही हैं.
घटना के बाद हॉस्टल प्रशासन ने मेस की व्यवस्था में भी बदलाव किया है. जांच पूरी होने तक छात्राओं के लिए खाना दूसरी हॉस्टल की मेस से मंगाया जा रहा है. प्रशासन के मुताबिक, भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान साफ-सफाई और सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है.
वीडियो: सेहत: फ़ूड पॉइजनिंग होने के पीछे क्या-क्या कारण हो सकते हैं?










