The Lallantop

ग्रेटर नोएडा: पति-पत्नी और 3 बच्चों की संदिग्ध मौत, रात में नूडल्स खाए थे

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके के नगला श्री पदम गांव में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव मिले हैं. शुरुआती आशंका फूड पॉइजनिंग की है, लेकिन मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है.

Advertisement
post-main-image
ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत. (COURTSEY- ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक परिवार के पांच सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए, जिनकी मौत का कारण अभी तक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच पुलिस कर रही है।
  • प्रारंभिक जांच में मौत का कारण फूड पॉइजनिंग होना बताया गया है क्योंकि मृतक परिवार ने रात को नूडल्स और चाय सेवन किया था, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
  • इस घटना के बाद पुलिस, खाद्य सुरक्षा विभाग और फोरेंसिक टीम ने केस की तहकीकात शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट आने तक मौत के असली कारण का पता नहीं चल पाया है।

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. मृतकों में पति, पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं. मौत का कारण अभी पता नहीं चला है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
क्या है पूरा मामला?

मामला गौतम बुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव का है. इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि पहली नजर में ये मामला फूड पॉइजनिंग का लगता है. आशंका जताई जा रही है कि मौत से पहले किसी खाने की चीज के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी होगी.

लेकिन, एक-साथ 5 लोगों की मौत ने पुलिस के सामने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. असल में क्या हुआ, ये तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा. मृतकों की पहचान 37 साल के महेश, 35 साल की ललिता, 11 साल के लड्डू, 7 साल के मिष्टी और 3 साल के साक्षात के रूप में हुई है.

Advertisement
पुलिस ने क्या बताया?

17 अक्टूबर को गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने X पर बयान दिया,

"प्रथम दृष्टया मामला ‘फूड पॉइजनिंग’ का पाया जा रहा है. आसपास के लोगों तथा मृतक महेश की माता द्वारा बताया गया कि परिवार के सदस्यों ने रात्रि में नूडल्स का सेवन किया था. मृत्यु के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है."

noida police
गौतम बुद्ध नगर पुलिस का बयान. (Courtesy: @noidapolice/ X)
नूडल्स और चाय से हुई फूड पॉइजनिंग?

रिपोर्ट के अनुसार, परिवार ने आखिरी बार चाय पी और नूडल्स खाए थे. इसके बाद उनकी मौत हो गई. इसीलिए इन मौतों को लेकर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, केवल चाय और नूडल्स खाने के आधार पर मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

फिलहाल यह जांच का विषय है कि परिवार की मौत के पीछे कोई खाने की चीज थी, कोई जहरीला पदार्थ था या कुछ और. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. एक फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है.

(यह भी पढ़ें: 'मशरूम खाने के बाद' पैगंबर पर टिप्पणी की, महिला को ईरान ने मौत की सजा दी)

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव 

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ-साथ पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार के सदस्यों की मौत के पीछे कोई दूसरा कारण तो नहीं है.

पुलिस ने अभी तक हत्या के एंगल पर कुछ नहीं कहा है. लेकिन जब तक किसी और कारण की पुष्टि नहीं होती, इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता. फिलहाल इस घटना में मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.

वीडियो: यूपी बुलेटिन: शिवा शर्मा की मौत, आरोपी श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर क्या कहा?

Advertisement