The Lallantop

मजदूर के लिए सड़क बनी 'कब्र', सोते वक्त डंपर वाले ने मिट्टी में दबा दिया, दम घुटकर मौत

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक मजदूर के लिए सड़क ही कब्र बन गई. मिंटू नाम का ये मजदूर निर्माणाधीन सड़क के डिवाइडर पर सो गया था. उसी दौरान मिट्टी से भरा डंपर अनजाने में उस पर पलटा दिया गया. इतनी ज्यादा मिट्टी में दबकर मिंटू की मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
गोरखपुर में निर्माणाधीन इलाके में मिट्टी के नीचे से मिली मजदूर की लाश. (फोटो- इंडिया टुडे)

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में मिट्टी में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई. घटना के वक्त मजदूर निर्माणाधीन डिवाइडर पर सो रहा था. उसी दौरान अनजाने में ट्रॉली से भरी मिट्टी उस पर ही पलट दी गई. मिट्टी इतनी ज्यादा थी कि दबने के बाद मजदूर उससे बाहर नहीं निकल पाया. दम घुटने से उसकी जान चली गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र इलाके में हुई. इंडिया टुडे से जुड़े रवि गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, भटहट कस्बे में गुरुवार, 4 जून की सुबह निर्माणाधीन फोरलेन पर डिवाइडर की मिट्टी को समतल करने का काम किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने मिट्टी के ढेर से एक हाथ बाहर निकला देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मशीन और मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाई तो मजदूर मिंटू का शव बरामद हुआ. उसके पास से एक झोला भी मिला, जिसमें रोटी-सब्जी, देसी शराब, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल बरामद हुई. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वो रात में वहीं ठहरे थे.

Advertisement

डिवाइडर पर सोने के दौरान हादसा हुआ 

पुलिस की शुरुआती जांच में ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मिंटू डिवाइडर पर ही सो गए थे. रात में डंपर से डाली गई मिट्टी के नीचे दबने से उनकी मौत हो गई. हालांकि, पुलिस अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.

मजदूर की पहचान उसकी पत्नी नीता देवी ने की. मूलतः दोनों देवरिया जिले के रहने वाले हैं. मिंटू काम के सिलसिले में परिवार के साथ तरकुलहा इलाके में अपने ससुराल में रहते थे.

Advertisement

आजतक से बात करते हुए मृतक की पत्नी ने बताया कि मिंटू करीब 10 दिन पहले जंगल कौड़िया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने निकले थे. इसके बाद वो अपने घर नहीं लौटे. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मिंटू रात में डिवाइडर के बीच शॉल बिछाकर सो गए थे. देर रात मिट्टी गिराने पहुंचे डंपर चालकों को, उनके वहां होने की जानकारी नहीं थी. उन्होंने अनजाने में मिट्टी उनके ऊपर गिरा दी.

घटना की पुष्टि करते हुए गुलरिहा थाने के इंस्पेक्टर जगदीश पाल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो: Delhi Malviya Nagar Fire Case: रेस्क्यू करने वाले पुलिस के जवान दिनेश यादव ने क्या बताया?

Advertisement