कानपुर में एक पिता ने अपनी दो जुड़वां बेटियों की हत्या कर दी. दोनों बच्चियां करीब 11 साल की थीं. घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन करके इसकी जानकारी दी. 19 अप्रैल की सुबह करीब 4:30 बजे कानपुर के नौबस्ता थाना इलाके के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में ये घटना हुई. पुलिस को यूपी 112 पर आई एक कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में आरोपी की पत्नी रेशमा छेत्री का बयान भी सामने आया है, जिसने उन्होंने कई अहम बातें बताई हैं.
कमरे के बाहर बैठी थी मां, अंदर पिता ने जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी, खुद ही बुलाई पुलिस
पत्नी का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता था. कई बार बेटियों को अपने पास रखने की बात करता था. वो अक्सर ये भी कहता था कि वो अपनी जान दे देगा और बेटियों को भी साथ ले जाएगा.


इंडिया टुडे से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक, रेशमा ने बताया कि उनकी शादी 2014 में हुई थी. वो बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हैं और उनके पति बिहार के रहने वाले हैं. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव शुरू हो गया था. रेशमा के आरोपों में पारिवारिक तनाव और घरेलू हिंसा का पहलू भी सामने आया है. रेशमा का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता था. कई बार बेटियों को अपने पास रखने की बात करता था. वो अक्सर ये भी कहता था कि वो अपनी जान दे देगा और बेटियों को भी साथ ले जाएगा.
रेशमा ने बताया कि आरोपी ने घर के अंदर कई CCTV कैमरे लगवा रखे थे. खासतौर पर अपने कमरे में. वो किसी को भी उसके कमरे में जाने नहीं देता था. जब वो नहीं होता तब वो उस कमरे में जाती. रेशमा बाहर से भी स्क्रीन पर कैमरों की फुटेज देखती थीं. उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया जब वो बेटे को लेकर मायके चली गई थीं. लेकिन बेटियों को साथ नहीं ले जा सकीं. करीब 9 महीने बाद वो वापस लौटीं क्योंकि बेटियों के बिना रह पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था.
घटना वाली रात असल में क्या हुआ ये सबसे बड़ा सवाल है. उस रात के बारे में रेशमा बताती हैं,
सब कुछ नॉर्मल था. परिवार ने साथ में खाना खाया, जिसके बाद आरोपी बेटियों को अपने कमरे में ले गया. वो काफी देर तक फोन पर बात करता रहा, जिसे मैं CCTV के जरिए देख रही थी. करीब रात 2:30 बजे वो एक बेटी को लेकर बाथरूम गया और कुछ देर बाद वापस कमरे में आ गया. इसके बाद उसने कमरे की लाइट बंद कर दी.
रेशमा बताती हैं कि इसके बाद उन्होंने दरवाजे और खिड़की के पास जाकर कोई हलचल या आवाज सुनने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ शांत था. उन्हें लगा कि सभी सो गए हैं. कब और कैसे ये घटना हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों के शव घर के अंदर मिले, जिनके गले पर गहरे कट के निशान थे. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं. वहीं डीसीपी कानपुर दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, मामले की जांच चल रही है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है. फिलहाल आरोपी पिता को पुलिस हिरासत में रखा गया है.
वीडियो: हिमांचल प्रदेश में कॉलेज जा रही छात्रा की बेरहमी से हत्या, गांववालों ने आरोपी को पकड़ा






















