दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद दिशा की मौत हो गई थी. उस वक्त दिशा की उम्र 28 साल थी और वो अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर के तौर पर काम कर चुकी थीं. करीब छह साल बाद अब इस मामले की जांच नए सिरे से होने जा रही है.
दिशा सालियान केस में CBI की एंट्री, 6 साल पुराने मामले की फिर खुलेगी फाइल
Disha Salian Death Case: दिशा सालियान की 2020 में हुई मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBI जांच का आदेश दिया है. कोर्ट ने FIR दर्ज करने, पिता सतीश सालियान का बयान रिकॉर्ड करने और वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में जांच कराने को कहा है.

पिता की याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला
‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार, 2 सितंबर को दिशा के पिता सतीश सालियान की याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया. कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने और सतीश सालियान का बयान रिकॉर्ड करने को कहा है. साथ ही मुंबई पुलिस के पास मौजूद केस से जुड़े दस्तावेज CBI को सौंपने का निर्देश भी दिया गया है. ये जानकारी इंडिया टुडे की रिपोर्ट में भी सामने आई है.
कोर्ट ने साफ किया है कि जांच के दौरान किसी व्यक्ति को सिर्फ FIR दर्ज होने के आधार पर आरोपी नहीं माना जाएगा. किसी के खिलाफ कार्रवाई तभी आगे बढ़ेगी, जब जांच अधिकारी को जुटाए गए सबूतों के आधार पर पर्याप्त आधार मिले. हाईकोर्ट ने CBI को एक वरिष्ठ और इस तरह के मामलों का अनुभव रखने वाले अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी देने को कहा है.
2020 में पुलिस ने क्या कहा था?
दिशा की मौत के बाद मुंबई पुलिस ने दुर्घटनावंश हुई मौत की रिपोर्ट (Accidental Death Report) यानी ADR दर्ज की थी. पुलिस की जांच में उनकी मौत को आत्महत्या माना गया था. लेकिन दिशा के पिता सतीश सालियान ने बाद में इस निष्कर्ष पर सवाल उठाए. उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार और हत्या हुई और प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए मामले में कथित तौर पर राजनीतिक कवर-अप किया गया.
इन आरोपों की अभी अदालत या CBI की जांच से पुष्टि नहीं हुई है. यही वजह है कि हाईकोर्ट ने भी अपने आदेश में साफ कर दिया है कि जांच के नतीजे आने से पहले किसी को आरोपी नहीं माना जाएगा. अगर जांच में कोई संज्ञेय अपराध सामने नहीं आता है, तो CBI उचित क्लोजर या समरी रिपोर्ट दाखिल कर सकती है, जिसे सतीश सालियान चुनौती दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें: दिशा सालियान की मौत वाली रात क्या हुआ था? वॉट्सऐप मैसेज से हुआ खुलासा
सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ता है मामला
दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को हुई थी. इसके छह दिन बाद 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे. दोनों घटनाओं के बीच समय का ये अंतर होने की वजह से दिशा का मामला सुशांत की मौत की जांच के दौरान भी चर्चा में रहा था. अब CBI जांच के बाद ये देखना अहम होगा कि जांच एजेंसी को दिशा की मौत की परिस्थितियों से जुड़े कौन से नए तथ्य मिलते हैं और क्या कोई अपराध बनता है.
वीडियो: दिशा सालियान के पिता ने मुंबई पुलिस को लेटर लिख कर ये कहा है














