चीन का एक रॉकेट लॉन्च हुआ. फिर महज 85 सेकंड बाद ही आसमान में फट गया. रॉकेट में उस वक्त एक कम्युनिकेशन सैटेलाइट मौजूद था. धमाका इतना जोरदार था कि रात के अंधेरे में आसमान में एक बड़ा आग का गोला दिखाई देने लगा.
चीन ने जिस रॉकेट को बनाने में रात-दिन एक कर दिए, उड़ान भरते ही उड़े परखच्चे, वीडियो
Chinese rocket explosion: चीन ने 10 अगस्त को एक रॉकेट लॉन्च किया. लॉन्च के करीब 85 सेकंड बाद ही रॉकेट में कुछ गड़बड़ी हुई और वो हवा में ही टूटकर आग की लपटों में घिर गया. इस रॉकेट ने 2020 में पहली बार उड़ान भरी थी और तब भी इसका पहला मिशन सफल नहीं रहा था.

चीन के हैनान प्रांत के वेनचांग स्पेस लॉन्च साइट पर 10 अगस्त को ये घटना हुई. चीन की सरकारी अंतरिक्ष कंपनी China Aerospace Science and Technology Corporation यानी CASC ने यहां Long March 7A रॉकेट लॉन्च किया था. लॉन्च के करीब 85 सेकंड बाद ही रॉकेट में कुछ गड़बड़ी हुई और वो हवा में ही टूटकर आग की लपटों में घिर गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इस वीडियो को चाइनीज सोशल मीडिया से हटा दिया गया था.
रॉकेट अपने साथ Zhongxing-4B या ChinaSat-4B नाम का कम्युनिकेशन सैटेलाइट लेकर जा रहा था. इस सैटेलाइट को धरती से काफी ऊंची एक ऑर्बिट में पहुंचाया जाना था. ऐसे सैटेलाइट आमतौर पर टीवी ब्रॉडकास्ट, टेलीकम्युनिकेशन और ब्रॉडबैंड इंटरनेट जैसी सर्विसेज़ के लिए इस्तेमाल होते हैं. चीन के Zhongxing सीरीज के सैटेलाइट्स से मिलिट्री सर्विसेज़ को भी मदद मिलने की बात कही जाती है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉन्च के दौरान सबकुछ नॉर्मल दिखाई दे रहा था. रॉकेट तेजी से ऊपर जा रहा था. तभी रॉकेट फट गया और पीछे धुएं की लंबी लकीर और एक बड़ा आग का गोला दिखाई देने लगा. सबसे अहम बात ये है कि रॉकेट उस वक्त अपने शुरुआती इंजन बर्निंग में ही था. आम तौर पर Long March 7A का पहला स्टेज करीब तीन मिनट के आसपास अलग होता है. लेकिन इस बार रॉकेट वहां तक पहुंच ही नहीं पाया.
चीन का कितना बड़ा नुकसान?ये Long March 7A के लिए बड़ा झटका है. इस रॉकेट ने 2020 में पहली बार उड़ान भरी थी और तब भी इसका पहला मिशन सफल नहीं रहा था. उस हादसे की वजह इंजन में आई खराबी बताई गई थी. इसके बाद रॉकेट ने कई सफल मिशन किए. लेकिन अब एक बार फिर इसकी उड़ान के दौरान बड़ा हादसा हुआ है.
हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस एक हादसे से चीन का पूरा स्पेस प्रोग्राम पटरी से उतरने वाला नहीं है. चीन लगातार स्पेस टेक्नोलॉजी में अमेरिका और SpaceX जैसी कंपनियों को चुनौती देने की कोशिश कर रहा है. चीन ने 2050 तक खुद को दुनिया की बड़ी स्पेस पावर बनाने का लक्ष्य रखा है.
ये भी पढ़ें: एलन मस्क ट्रिलियनेयर नहीं रहे, दो हफ्तों में इतना बड़ा नुकसान हो गया
चीन का फ्यूचर प्लान क्या है?रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे के बावजूद चीन का मून और स्पेस से जुड़ा बड़ा मिशन जारी रहने की उम्मीद है. आने वाले समय में चीन Chang’e-7 मिशन के जरिए मून के साउथ पोल तक पहुंचने की तैयारी कर रहा है. इस मिशन के लिए Long March 5 रॉकेट इस्तेमाल होगा, जो Long March 7A से अलग रॉकेट है.
दिलचस्प बात ये है कि इस हादसे पर एलन मस्क ने भी रिएक्ट किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि रॉकेट बनाना बहुत मुश्किल काम है और उम्मीद जताई की चीन जल्द ही इससे उबर जाएगा. 11 अगस्त को एक और रॉकेट Zhuque-3 लॉन्च होने वाला था, मगर उसे कैंसिल कर दिया गया है.
वीडियो: ईरान ने चीनी सैटेलाइट से अमेरिकी बेस पर सटीक हमला कैसे किया? रिपोर्ट ने बताया










