The Lallantop

तंत्र-मंत्र के नाम पर 3 साल की मृत बच्ची की कब्र खोदी, सिर काटकर ले गए

महाशिवरात्रि की रात श्मशान घाट पर कथित तांत्रिक क्रिया के बाद तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र खोदकर उसका सिर निकाल ले जाने का मामला सामने आया है.

Advertisement
post-main-image
छत्तीसगढ़ में बच्ची के शव का सिर काट ले गए. (india today)

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के रहने वाले किसान केदार नाथ साहू रविवार, 15 फरवरी को अपने खेत में जा रहे थे. रास्ते में श्मशान घाट पड़ता है. जब वो वहां से गुजर रहे थे तो उनकी नजर एक कब्र पर पड़ी. कब्र के पास दीया, चावल, पॉलिथीन में मांस का टुकड़ा और साथ में कुछ तांत्रिक सामग्री रखी थी. उन्हें ये सब ठीक नहीं लगा तो जिसकी कब्र थी, उनके परिजन को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया. पुलिस की मौजूदगी में वीडियोग्राफी करते हुए जब कब्र खोदी गई तो सब हैरान रह गए. कब्र के अंदर शव तो था लेकिन उसका सिर गायब था. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े किशोर साहू की रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना बालोद जिले के माहुद-बी गांव का है. 9 अक्टूबर 2025 को प्रिया साहू नाम की बच्ची की तीन साल की उम्र में मौत हो गई थी. परिवार के लोगों ने उसे श्मशान घाट में दफन किया था. आरोप है कि अज्ञात तांत्रिकों ने महाशिवरात्रि की रात कब्र खोदकर बच्ची का सिर निकाल लिया और दोबारा मिट्टी डालकर उसे ढंककर फरार हो गए. 

गांव के ही रहने वाले जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कब्र के पास नींबू और पूजा-पाठ का सामान पड़ा था. आशंका है कि इसी से तंत्र-मंत्र किया गया होगा. केदारनाथ साहू बताते हैं कि उन्होंने सबसे पहले देखा कि आधी कब्र खोदी गई थी और लुंगी (कपड़ा) से ढंककर ऊपर चावल छिड़का गया था. बगल में पेड़ के पास नींबू काटकर रखा गया था और अगरबत्ती जलाई गई थी.

Advertisement

धीरे-धीरे ये बात पूरे गांव में फैल गई. पुलिस और मृत बच्ची के परिवार को इसकी सूचना दी गई. मामला संवेदनशील होने की वजह से एसडीएम की इजाजत लेकर वीडियोग्राफी के बीच कब्र की खुदाई कराई गई. करीब चार फीट खोदने के बाद बच्ची का शव तो मिला लेकिन उसका सिर गायब था. पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.

बालोद के एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि हल्दी चौकी के गांव माहुद-बी से शिकायत मिली थी कि श्मशान घाट में तीन साल की बच्ची की कब्र को खोदकर अज्ञात आरोपी सिर ले गए हैं. इसकी रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है.

बता दें कि तकरीबन 9 महीने पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में भी तंत्र क्रिया से जुड़ा मामला सामने आया था. यहां बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में 5 आरोपी फिलहाल जेल में हैं.

Advertisement

वीडियो: दुनियादारी: पुतिन के कट्टर विरोधी अलेक्सी नवलनी की मेंढक के जहर से हुई थी हत्या?

Advertisement