कर्नाटक में लोकायुक्त ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक को गिरफ्तार किया है. शिरहट्टी से BJP विधायक चंद्रु लमानी (Chandru Lamani) को लोकायुक्त (Lokayukta) टीम ने कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. दावा है कि 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसमें से 5 लाख रुपये लेते समय वो पकड़े गए.
भाजपा विधायक 5 लाख की घूस लेते पकड़े गए, लोकायुक्त ने रंगे हाथ दबोचा
BJP MLA Caught Taking Bribe: शिकायत के मुताबिक भाजपा विधायक Chandru Lamani गडग जिले में एक सिंचाई प्रोजेक्ट के लिए रिश्वत मांग रहे थे. ऑपरेशन के दौरान लमानी को कथित तौर पर मांगी गई रिश्वत में से 5 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया.


अधिकारियों के मुताबिक पहले विधायक को इस रिश्वत के बारे में पूछताछ करने के लिए हिरासत में लिया गया, फिर गिरफ्तार कर लिया गया. BJP विधायक के दो सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है.
लोकायुक्त ने ही बिछाया था जालइंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज और नागार्जुन द्वारकानाथ की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों को चंद्रु लमानी को लेकर रिश्वत की एक शिकायत मिली थी. शिकायत के मुताबिक BJP विधायक लमानी गडग जिले में एक सिंचाई विभाग के प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए रिश्वत मांग रहे थे. प्रोजेक्ट के तहत सड़क के दोनों तरफ एक दीवार बनानी थी.
ये काम एक ठेकेदार विजय पुजार को दिया गया था. क्लास-1 कॉन्ट्रैक्टर विजय पुजार ने ही एंटी-करप्शन अधिकारियों से संपर्क किया था. पुजार ने आरोप लगाया कि विधायक ने उनसे प्रोजेक्ट के लिए जरूरी मंजूरी के बदले 11 लाख रुपये मांगे थे.
शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त पुलिस ने 21 फरवरी को जाल बिछाया. ऑपरेशन के दौरान लमानी को कथित तौर पर मांगी गई रिश्वत में से 5 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया. ये उसी 11 लाख रुपये का हिस्सा था, जिसकी मांग कथित तौर पर विधायक ने की थी.
लोकायुक्त पुलिस की एक टीम ने सीनियर अधिकारियों की देखरेख में ऑपरेशन को अंजाम दिया. अधिकारियों ने कहा कि कानून का पालन और सही प्रक्रिया अपनाई जाए, इसलिए सीनियर अधिकारियों की देखरेख में ऑपरेशन किया गया.
विधायक के अलावा लोकायुक्त ने उनके दो साथियों मंजूनाथ वाल्मीकि और गुरुनाइक को भी मौके से हिरासत में ले लिया. अधिकारियों को शक है कि वे भी इस कथित लेन-देन में शामिल थे. जांच टीम फिलहाल सबूत इकट्ठा करने के अलावा तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
लोकायुक्त ने यह मामला प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत दर्ज किया है. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ट्रैप के दौरान ज़रूरी सबूत जब्त किए गए हैं. साथ ही कथित रिश्वत की पूरी कहानी पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है.
सीएम सिद्दारमैया ने क्या कहा?इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं हैै. उन्होंने बताया कि उन्हें टीवी पर इस बारे में पता चला. मामले की डिटेल्स जानने के बाद ही वो इस पर जवाब देंगे. उन्होंने कहा,
लोकायुक्त ने उन्हें पकड़ा है, जो कहना है, वो उन्हें ही कहना चाहिए. दूसरों पर रिश्वत के आरोप लगाना आसान है. लेकिन वे BJP विधायक हैं. तो लोकायुक्त को जांच करने दो. हम जांच में दखल नहीं देंगे?
सीएम ने कहा कि लोकायुक्त जो भी जांच कर रहे हैं, उसे होने दिया जाए. इसके बाद ही इस बारे में कोई भी बात होगी.
वीडियो: एंटी करप्शन टीम ने किया रिश्वतखोरी का खुलासा, थाने में क्या-क्या हुआ?





















