The Lallantop

चोरी के डर से Scorpio को घर की छत पर चढ़ा दी, बिहार के इस शख्स का जुगाड़ देख लोग हैरान

Bihar Rooftop parking: बिहार के गोपालगंज में एक शख्स ने अपनी नई Mahindra Scorpio Classic को चोरी से बचाने के लिए क्रेन की मदद से घर की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचा दिया. वायरल वीडियो में SUV को हवा में उठाकर छत पर रखते हुए देखा जा सकता है. जानिए पूरा मामला क्या है और इस अनोखी पार्किंग को लेकर कौन से सवाल उठ रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
छत पर पार्किंग, अब चुराकर दिखाएं चोर! (फोटो- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • गोपालगंज में मनोज यादव ने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक SUV को चोरी से बचाने के लिए क्रेन की मदद से दो मंजिला मकान की छत पर खड़ा किया।
  • ड्राइवर के चले जाने के बाद परिवार को गाड़ी की सुरक्षा की चिंता हुई, जिसके कारण SUV को घर की छत पर रखने का फैसला लिया गया।
  • इस घटना के बाद गाड़ी की छत पर रखने की सुरक्षा और छत की भार वहन क्षमता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक उपलब्ध नहीं हुई है।

गाड़ी खरीदने के बाद सबसे बड़ी चिंता होती है उसकी सुरक्षा की. लेकिन बिहार के गोपालगंज में एक शख्स ने अपनी नई SUV को सुरक्षित रखने के लिए जो तरीका अपनाया, उसे देखकर शायद आप भी दो मिनट सोच में पड़ जाएंगे. यहां महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक (Mahindra Scorpio Classic) को सड़क पर पार्क करने के बजाय सीधे घर की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचा दिया गया. वो भी बाकायदा क्रेन की मदद से.

Advertisement

क्रेन से हवा में लटकी SUV

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक स्कॉर्पियो क्लासिक (Scorpio Classic) क्रेन से बंधी नजर आती है. क्रेन धीरे-धीरे SUV को ऊपर उठाती है और फिर उसे दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचाया जाता है. पूरी प्रक्रिया में गाड़ी को काफी सावधानी से नीचे उतारकर छत पर खड़ा किया जाता है. इंडिया टुडे (India Today) की रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला गोपालगंज का है और SUV के मालिक का नाम मनोज यादव बताया गया है.

रिपोर्ट के अनुसार मनोज यादव काम के सिलसिले में इजरायल में रहते हैं. उन्होंने अपनी नई गाड़ी एक ड्राइवर के भरोसे छोड़ी थी, लेकिन बाद में ड्राइवर के चले जाने के बाद परिवार को गाड़ी की सुरक्षा की चिंता होने लगी. ऐसे में परिवार ने SUV को घर की छत पर रखने का फैसला किया, ताकि उसके चोरी होने की आशंका कम की जा सके.

Advertisement

छत पर कार, लेकिन सवाल भी कम नहीं

दिलचस्प बात ये है कि इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं. मसलन, जिस छत पर इतनी भारी SUV रखी गई है, उसकी भार सहने की क्षमता कितनी है? क्या वहां लंबे समय तक वाहन खड़ा करना सुरक्षित है? इन सवालों पर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. India Today ने भी अपनी रिपोर्ट में साफ किया है कि छत की लोड-बेयरिंग क्षमता या वहां वाहन रखने की सुरक्षा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है.

ये भी पढ़ें: 2 खाली बोतलें काटकर चला दी देसी चक्की, जुगाड़ देख माथा पकड़ लेंगे!

इससे पहले ‘द ट्रिब्यून’ (The Tribune) ने भी वायरल वीडियो पर रिपोर्ट की थी, लेकिन उसने वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होने की बात कही थी. यानी फिलहाल सबसे पक्की बात इतनी है कि स्कॉर्पियो को क्रेन से छत तक ले जाते हुए वीडियो वायरल है. बाकी दावों को रिपोर्ट किए गए स्थानीय इनपुट के तौर पर ही देखना बेहतर है.

Advertisement

एक तरफ लोग इस जुगाड़ को गाड़ी बचाने का अनोखा तरीका बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ सवाल भी कर रहे हैं कि जिस गाड़ी को चोरों से बचाने के लिए छत पर चढ़ाया गया, उसे आखिर वापस नीचे कैसे उतारा जाएगा. फिलहाल 'छत पर खड़ी स्कॉर्पियो' का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.

वीडियो: पुलिस से बचने के लिए किसानों ने अपनाए देसी जुगाड़! पतंग, मुल्तानी मिट्टी से क्या किया?

Advertisement