यूपी के बांदा की रहने वाली 19 साल की एक लड़की को पड़ोस के लड़के से प्यार हो गया. एक दिन वो परिवार को बिना बताए प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई. पिता ने पुलिस में गुमशुदा रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने लड़की का पता लगाया और उसे थाने लेकर आए. लड़की के माता-पिता को भी थाने बुलाया गया. वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच लड़की ने जिद कर दी कि वह प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है. पिता को कथित तौर पर ये बात ऐसी नागवार गुजरी कि पुलिस के सामने ही उन्होंने बेटी के पेट में चाकू मार दिया. लड़की की मौत हो गई. आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया.
प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, जिद पर अड़ी बेटी को पिता ने थाने में चाकू मारा
उत्तर प्रदेश के बांदा में प्रेम विवाह कर चुकी 19 साल की लड़की ने थाने में भी पति के साथ रहने की इच्छा जताई. इससे नाराज पिता ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बेटी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, चौंकाने वाली ये घटना बांदा के बदौसा पुलिस थाने में हुई. पुलिस ने बताया कि लड़की 18 मई को अपने प्रेमी के साथ चली गई थी. लड़की के माता-पिता ने इसके बाद बेटी के लापता होने की सूचना थाने को दी. बांदा के एसपी पलाश बंसल ने बताया कि पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया. 12 जून को उसका पता भी लगा लिया. कानूनी तरीके से उसे सुरक्षित वापस लाया गया. थाने में उसके मां और पिता को भी बुलाया गया. पुलिस अधिकारियों के सामने उसकी काउंसिलिंग की जा रही थी. बातचीत से मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, घर छोड़ने के बाद लड़की ने प्रेमी से शादी भी कर ली थी. इस बीच परिवार और रिश्तेदार उसे घर वापस आने के लिए मनाते और समझाते रहे. लेकिन तमाम कोशिश के बाद भी वह घर लौटने के लिए तैयार नहीं थी. थाने में भी जब उसके माता-पिता के सामने काउंसिलिंग चल रही थी, तो उसने घर लौटने से इनकार कर दिया और जिद पर अड़ गई कि वो अपने पति के साथ ही रहेगी.
पुलिस ने बताया कि इसके बाद पिता ने आपा खो दिया और बेटी के पेट में चाकू मार दिया. घायल युवती को तुरंत अतारा सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया लेकिन तब तक काफी देर हो गई थी. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एसपी बंसल ने आगे बताया कि मां की शिकायत के आधार पर लड़की के पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. जिस हथियार से हत्या की गई, पुलिस ने उसे भी कब्जे में ले लिया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
वीडियो: कौन हैं राउल हिमेनेज, जिनके हेडर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ मेक्सिको जीता?















