ओडिशा के बलांगीर जिले में एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी. शख्स के घरवालों का आरोप है कि उनकी बहू ने उनके बेटे के सिर पर मोबाइल फोन से हमला किया था. इस हमले में शख्स को गंभीर चोटें आईं और कई दिनों तक इलाज चला. लेकिन उनकी जान न बच सकी. अब घरवालों ने बहू पर हत्या के आरोप लगाए हैं.
पत्नी ने पति के सिर पर मारा मोबाइल, अस्पताल में इलाज हुआ, कुछ दिन बाद मौत
ओडिशा में एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी है. शख्स के घरवालों का आरोप है कि एक विवाद के दौरान उनकी बहू ने उनके बेटे के सिर पर मोबाइल फोन से हमला किया था. हमले में शख्स को गंभीर चोटें आईं थीं, जिससे उनकी मौत हो गई.


इंडिया टुडे से जुड़े अजय कुमार नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना जिले के लक्ष्मीजोर थाना क्षेत्र के चिमिनी भाटीपाड़ा गांव की है. बताया गया कि स्वप्नेश्वर मिश्रा को 9 जुलाई की रात तेज पेट दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घरवालों के आरोपस्वप्नेश्वर की मौत के बाद उनके पिता प्रफुल कुमार मिश्रा ने लक्ष्मीजोर थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, 21 जून को स्वप्नेश्वर और उनकी पत्नी अनामिका सतपथी के बीच विवाद हुआ था. प्रफुल का आरोप है कि इस विवाद के दौरान अनामिका ने अपने पति पर मोबाइल फोन से हमला किया था. इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं थीं और उन्हें टांके भी लगे थे. बाद में ये मामला पुलिस थाने में आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था.
अब स्वप्नेश्वर के घरवालों ने आरोप लगाया है कि इस घटना में उन्हें जो गंभीर चोटें आई थीं उसकी वजह से मौत हुई है. जबकि पुलिस ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा.
प्रफुल मिश्रा ने अपनी शिकायत में ये भी बताया कि इलाज के दौरान स्वप्नेश्वर ने अपनी बेटी से मिलने की आखिरी इच्छा जताई थी. आरोप है कि उनकी पत्नी अनामिका ने स्वप्नेश्वर को उनकी बेटी से मिलने नहीं दिया.
ये भी पढ़ें: पति की मौत के बाद मकान मालिक ने किराया मांगा, ना दे पाने पर शव सहित घर से निकाल दिया
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि शव को भीमा भोई मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्वप्नेश्वर लंबे समय से लिवर की बीमारी से भी पीड़ित थे.
9 जुलाई को उन्हें तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. पुलिस ने अप्राकृतिक मौत (unnatural death) का केस दर्ज किया है. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी.
वीडियो: ओडिशा में शख्स पर हथियार से किया हमला, फिर चढ़ा दी बाइक, पुलिस ने क्या एक्शन लिया?








