एशियन गेम्स 2026 का खेल खत्म हो गया है. भारत के पड़ोसी देश चीन ने अपनी मेडल टैली से एक बार फिर साबित किया है कि एशिया की खेल महाशक्ति वही है. हालांकि, एशिया के इस महामुकाबले में भारत ने भी अपना खूब जोर दिखाया. भारत ने जापान के आइची-नागोया में हुए इस एशियन गेम्स में कुल 85 मेडल जीते. इसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. मेडल टैली में चीन, जापान, साउथ कोरिया के बाद भारत चौथे नंबर है लेकिन क्या आपको पता है भारत के बाकी पड़ोसी देशों का हाल इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में क्या रहा?
एशियन गेम्स का पबजी मेडल पाकिस्तान के नाम, बाकी 'पड़ोसियों' का हाल भी जानें
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 85 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया, जबकि चीन 341 पदकों के साथ टॉप पर रहा.

पाकिस्तान से शुरू करते हैं.
भारत का सबसे चर्चित पड़ोसी है. रिश्ते अक्सर ‘खट्टे-तीखे’ रहते हैं. भारत से कंपटीशन भी तगड़ा रखना चाहता है लेकिन एशियन गेम्स में इस प्रतिद्वंदिता में पाकिस्तान की हालत खस्ता रही. जैसे-तैसे पदकों की संख्या दहाई के आंकड़े तक पहुंची. कुल 10 पदक पाकिस्तान ने जीते, जिसमें एक पदक तो पबजी मोबाइल गेम्स में आया. एशियन गेम्स में ई-गेम्स कैटेगरी में पबजी मोबाइल का इवेंट भी है. भारत इस खेल में हिस्सा नहीं ले पाया क्योंकि यहां पबजी बैन है. लेकिन पाकिस्तान ने इसमें अपना जबर्दस्त कौशल दिखाया. इस स्पर्धा में पाकिस्तान ने तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता. चिकन डिनर न जीतने के बावजूद पाकिस्तान ने 100 अंक हासिल किए. इस इवेंट में थाईलैंड ने गोल्ड मेडल जीता. वहीं सिल्वर मेडल चीन के नाम रहा.
पबजी के अलावा पाकिस्तानी पुरुष क्रिकेट टीम ने सिल्वर मेडल और महिला टीम ने कांस्य पदक जीता. यानी क्रिकेट में पाकिस्तान को दो पदक मिले. हॉकी में पाकिस्तान की पुरुष टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिला. एक-एक पदक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, शूटिंग और बॉलीबॉल में आए. स्क्वाश में पाकिस्तान को तीन पदक मिले. एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज. बिना एक भी गोल्ड जीते कुल 10 पदकों के साथ पाकिस्तान मेडल टैली में 29वें नंबर पर रहा.
श्रीलंका चलते हैं.
भारत के दक्षिण में मौजूद इस देश ने एशियन गेम्स 2026 में कुल 3 मेडल जीते. उसके खाते में एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल आया. पदक तालिका में श्रीलंका 28वें स्थान पर रहा. जैवलिन थ्रो में पथिराज रमेश ने श्रीलंका के लिए गोल्ड जीता. श्रीलंका के बाकी दो मेडल क्रिकेट में आए. पुरुष टीम ने जहां कांस्य पदक जीता. वहीं श्रीलंका की महिला ने टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया.
अफगानिस्तान का क्या हाल रहा?
तालिबानी शासन वाले अफगानिस्तान ने एशियन गेम्स में तीन मेडल जीते. उसके खाते में एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज आए. सिल्वर मेडल साइकिलिंग रोड इवेंट में मिला. वहीं वुशु में उसे दो ब्रॉन्ज मेडल मिले. तीन मेडल के साथ अफगानिस्तान टैली में 32वें स्थान पर रहा.
म्यांमार की बात करते हैं.
भारत के एक और पड़ोसी देश म्यांमार ने कुल 5 मेडल जीते. इसमें 2 गोल्ड, एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है. इस लिहाज से म्यांमार ने कुल मेडल के मामले में पाकिस्तान से कम, लेकिन गोल्ड के मामले में उससे बेहतर प्रदर्शन किया है. पदक तालिका में वो 24वें स्थान पर रहा.
ये भी पढ़ेंः 'थाली में परोसकर नहीं मिलता गोल्ड', एशियन गेम्स जीतकर संजू सैमसन को ये क्यों बोलना पड़ा?
नेपाल तो बांग्लादेश से आगे रहा.
हाल ही में बड़ी प्राकृतिक त्रासदी का शिकार रहा नेपाल 2 ब्रॉन्ज मेडल जीत पाया. कबड्डी और कराटे में उसे एक-एक कांस्य पदक मिले. पदक तालिका में वह 36वें नंबर पर रहा, जो बांग्लादेश से एक पायदान ऊपर है. बांग्लादेश इस एशियन गेम्स में सिर्फ एक ब्रॉन्ज मेडल जीत पाया और 37वें स्थान पर रहा.
भूटान और मालदीव इस बार कोई मेडल नहीं जीत सके.
चीन की तो बात ही क्या करनी.
एशियन गेम्स में तो चीन का जलवा रहता ही है. इस बार भी उसने अकेले 341 मेडल जीत डाले. इसमें 169 गोल्ड, 89 सिल्वर और 83 ब्रॉन्ज शामिल हैं. इस बार भी पदक तालिका का टॉपर वही है.
वीडियो: टीम इंडिया के पेसर्स वेस्ट इंडीज के सामने हुए फ्लॉप?












