आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. मृतक की पहचान 23 साल के रमेश के तौर पर हुई है. दो साल पहले ही रमेश की शादी 19 साल की हासिनी से हुई थी. दोनों की एक छोटी बेटी भी थी. दुख की बात यह है कि जब रमेश की हत्या हुई, तब उनकी बेटी वहीं मौजूद थी. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
पहाड़ी पर ले गई फिर प्रेमी को लाइव लोकेशन भेजी... पत्नी ने बेटी के सामने पति को मरवा दिया
Andhra Pradesh: महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. वारदात के वक्त उनकी मासूम बेटी साथ में थी. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एक CCTV फुटेज ने पूरा केस खोल दिया.


टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के मुताबिक, रमेश तमिलनाडु के रहने वाले थे और होसुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे. पुलिस की जांच में पता चला कि हासिनी अपने बचपन के दोस्त युगंधर (20) के साथ रिलेशनशिप में थी. दोनों ने मिलकर रमेश को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. हासिनी ने पति रमेश को राजी किया कि वह उसे और बेटी को मल्लप्पा कोंडा पहाड़ियों पर बने श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर (चित्तूर) ले जाए.
लाइव लोकेशन भेजीरमेश इस धार्मिक यात्रा के लिए राजी हो गए. जब वे घुमावदार रास्तों पर अपनी मोटरसाइकिल चला रहा थे, तो हासिनी चुपके से अपने मोबाइल फोन से युगंधर को उनकी रियल-टाइम लोकेशन भेज रही थी. इस सटीक ट्रैकिंग की वजह से ही युगंधर अपने साथियों के साथ परिवार का पीछा कर पा रहा था. एक मोड़ के पास रमेश को रोकने के लिए हासिनी ने कथित तौर पर अपना हैंडबैग सड़क पर फेंक दिया. जब रमेश उसे उठाने के लिए रुके, तो युगंधर और उसके साथी मौके पर पहुंच गए.
रमेश ने भागने की कोशिश की और पास के जंगल में लगभग 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और तेज धार वाले हथियारों से बेटी के सामने ही उनकी हत्या कर दी. जब परिवार वापस नहीं लौटा तो हासिनी की मां परेशान हो गईं और उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया.
ये भी पढ़ें: पति की डेड बॉडी, खून से सना बच्चा, पुलिस पहुंची तो पत्नी फोन चलाते मिली
पुलिस ने कैसे किया खुलासा?पुलिस ने मंदिर के रास्ते पर लगे एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच की. इस दौरान एक चौंकाने वाली बात पता चली. पहले की फुटेज में रमेश अपने परिवार के साथ मंदिर की तरफ मोटरसाइकिल चलाते हुए दिख रहे थे. जबकि बाद के फुटेज में हासिनी दो अन्य युवकों के साथ उसी मोटरसाइकिल पर जाती हुई दिखाई दी.
टेक्निकल एनालिसिस, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और GPS लोकेशन ट्रैकिंग का इस्तेमाल कर पुलिस ने जंगल से रमेश की बॉडी बरामद की. इसके कुछ ही समय बाद हासिनी, उसके प्रेमी युगंधर और दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस अब स्थानीय ग्रामीणों की उन रिपोर्ट्स की जांच कर रही है, जिसमें दावा किया गया है कि दो साल पहले जब हासिनी की रमेश से शादी हुई थी, तब वह नाबालिग थी. इससे चल रही कानूनी कार्रवाई में बाल विवाह के उल्लंघन का अलग मामला भी जुड़ सकता है.
वीडियो: 'पति को नपुंसक कहना मानहानि नहीं, अगर... ', कहते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पत्नी को दी राहत










