The Lallantop

सहरी का इंतजार कर रहा था युवक, 4 लोग बाइक पर आए, गोली मारकर हत्या कर दी

Aligarh Murder: हारिस सहरी से पहले अपने घर के बाहर खड़ा था. तभी 4 बाइक सवार लोगों ने उस पर हमला कर दिया.

Advertisement
post-main-image
पुलिस को शक है कि हत्या का कारण आपसी विवाद है. (फ़ोटो - सोशल मीडिया)

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ज़िले में एक 25 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इस वीडियो में युवक घर के बाहर एक अन्य व्यक्ति के साथ खड़ा है. इस बीच, चार बाइक सवार लोग वहां पर आते हैं और गोलियां बरसाते हैं (Aligarh bikers gun down man). पुलिस को शक है कि हत्या का कारण आपसी विवाद है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना अलीगढ़ के रोरावर में तेलीपाड़ा इलाक़े में हुई. पुलिस के मुताबिक़, मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने हारिस उर्फ़ ​​कट्टा पर कई राउंड गोलियां चलाईं. जिससे उसकी मौक़े पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरा व्यक्ति वहां से भागने में कामयाब हो गया.

इंडिया टुडे से जुड़े अकरम खान की ख़बर के मुताबिक़, मामला 14 मार्च तड़के 3 बजे का है. हारिस सहरी (रमज़ान के दौरान मुसलमानों के सुबह का खाना) से पहले अपने घर के बाहर खड़ा था. इस गोलीबारी के बाद पूरे इलाक़े में दहशत फैल गई.

Advertisement

इस मामले में पुलिस ने बताया कि फ़ॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं. पूरी घटना पास के CCTV कैमरे में कैद है. इसके फ़ुटेज में चार बाइक सवार हमलावर कई राउंड फ़ायरिंग करते हुए दिखाई दिए. पुलिस संदिग्धों की पहचान के लिए फ़ुटेज का एनालिसिस कर रही है.

ASP मयंक पाठक ने इंडिया टुडे को बताया,

शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये आपसी विवाद है. हालांकि, हम सभी संभावित एंगल्स से जांच कर रहे हैं. पीड़ित परिवार से पूछताछ की जा रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें - घात लगाए बैठे बदमाशों ने NTPC के DGM को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक़, पता चला है कि हारिस का किसी के साथ झगड़ा चल रहा था, जिसके कारण हमला हुआ. वहीं, हारिस के एक रिश्तेदार शोएब ने कहा है कि कोई दुश्मनी नहीं थी. शोएब ने NDTV को बताया,

हारिस मेरे लिए छोटे भाई जैसा था. हम सुबह 3 बजे के आसपास 'सहरी' के लिए यहां आए थे. तभी हारिस को गोली मार दी गई. कोई दुश्मनी नहीं थी. ये लोग (गोली चलाने वाले) अपराधी हैं.

पुलिस ने आगे बताया कि जांच की जा रही है. हत्या के लिए ज़िम्मेदार लोगों को जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.

वीडियो: रमजान के इवेंट में पैसे बंट रहे थे, गोली चलने से भगदड़ मची, 85 लोगों की मौत

Advertisement