The Lallantop

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 31 मृतकों की पहचान हुई, विजय रुपाणी का DNA अभी तक नहीं हुआ मैच

Air India Flight Crash: 15 जून की सुबह तक DNA सैंपलिंग के जरिए 31 मृतकों की पहचान की पुष्टि कर ली गई. 12 शवों को उनके संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है.

Advertisement
post-main-image
DNA जांच के लिए सैंपल देते पीड़ित परिवार के सदस्य. (तस्वीर: AP)

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया फ्लाइट हादसे (Ahmedabad Plane Crash) में जान गंवाने वाले 241 लोगों में से 31 की पहचान कर ली गई है. 15 जून की सुबह तक DNA सैंपलिंग के जरिए इन मृतकों की पहचान की पुष्टि कर ली गई. अहमदाबाद में सिविल अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने मीडिया को बताया कि 31 शवों के डीएनए का मिलान हो गया है. 12 शवों को उनके संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रविवार, 15 जून को डॉ. रजनीश पटेल ने ये भी बताया कि गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी के शव की पहचान की प्रक्रिया अभी भी जारी है. उनके मुताबिक अभी भी पूर्व सीएम के डीएनए का मिलान नहीं हो पाया है, कोशिश जारी है.

इससे कुछ घंटे पहले गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले पर एक जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा,

Advertisement

14 जून की रात 9 बजे तक 19 DNA सैंपल का मिलान कर लिया गया है. इससे पीड़ितों की पहचान की पुष्टि हो गई है. ‘स्टेट फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी’ (FSL) इकाई की टीम और ‘नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी’ (NFSU) की टीम DNA सैंपल्स के मिलान के लिए रात भर काम कर रही है.

Harsh Sanghvi Post DNA Sampling of Plane Crash Victims
BJP नेता हर्ष सांघवी का पोस्ट.
220 DNA टेस्ट पूरे हुए

14 जून को इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में, केंद्रीय नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भी इस मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 220 DNA टेस्ट पूरे हो गए हैं और कुछ शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ी चुनौती यही है कि शवों की पहचान की जाए और उन्हें सम्मानपूर्वक उनके परिवारों को सौंप दिया जाए.

मंत्री ने आगे कहा कि शवों की पहचान के लिए DNA प्रोफाइलिंग के साथ-साथ पोस्टमार्टम जांच भी चल रही है. जैसे ही पहचान की पुष्टि हो जाएगी, शवों को सम्मानपूर्वक ताबूतों में रखा जाएगा और पुणे में बीजे मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम रूम में परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा. एयर इंडिया अपनी कार्गो सेवाओं के माध्यम से शवों के परिवहन की सुविधा प्रदान करेगी.

Advertisement

ये भी पढ़ें: केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 7 लोगों की मौत

मुरलीधर मोहोल ने आगे कहा कि लगभग 50 घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 30 को छुट्टी दे दी गई है. कुछ पीड़ितों की हालत गंभीर है. विमान दुर्घटना के कारणों के बारे में अभी तक कोई संकेत नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि ब्लैकबॉक्स की बरामदगी एक बड़ी सफलता है.

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के अनुसार, बचाव कार्य अब अपने अंतिम चरण में है. इसके लिए 600 से अधिक अग्निशमन कर्मी, 100 एंबुलेंस, 250 सेना के जवान, NDRF, SDRF की टीमें और रैपिड एक्शन फोर्स के पुलिसकर्मी तैनात हैं. 

उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल और 'स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर' (SEOC) का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय है. पीड़ितों के परिवारों के लिए रहने, खाने, आने-जाने और संचार सहायता की व्यवस्था की गई है. 

वीडियो: Ahmedabad Plane Crash में एयर होस्टेस Manisha Thapa की मौत, पटना में मातम

Advertisement