जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट के दौरान महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न के आरोप झेल रहे एसीपी विवेक भगत का प्रमोशन हो गया. वह पहले एसीपी यानी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस थे. लेकिन अब उन्हें प्रमोट करके एडिशन डिसीपी बनाया गया है. ये जानकारी सोमवार, 5 अक्टूबर को सामने आई. विवेक भगत वही पुलिस अफसर हैं जो जुलाई 2026 वाले जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के दौरान भी चर्चा में रहे थे. इस प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में घायल एक पुलिसकर्मी को बचाने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद उनकी काफी तारीफ हुई थी.
यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच ACP विवेक भगत का प्रमोशन
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने ACP विवेक भगत समेत पुलिस अफसरों पर बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है.

उन्हीं विवेक भगत पर बीती 3 अक्टूबर को तीन महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया कि प्रोटेस्ट कवर करने के दौरान उन्होंने उनके साथ बदसलूकी की. एक पत्रकार ने तो ये तक कहा कि विवेक भगत ने उनके ब्रेस्ट दबाए. उन्हें धक्का दिया और सवाल पूछने पर भाग गए. इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने एक ‘X’ पोस्ट में बताया कि उसे तीन महिला पत्रकारों से पुलिस अफसरों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें मिली हैं. दिल्ली पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए केस क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर कर दिया है. हालांकि, पुलिस अफसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई.
कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर विवेक भगत को बचाने का आरोप लगाया और कहा कि उन पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए, जिसकी शुरुआत FIR दर्ज करने और उन्हें सस्पेंड करने से हो.
ये भी पढ़ेंः महिला पत्रकारों ने पुलिसवालों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
सस्पेंड करने की मांग के बीच विवेक भगत के प्रमोशन की खबर आ गई. हालांकि, कहा जा रहा है कि भगत के प्रमोशन की अपील घटना के काफी पहले की गई होगी. फिर भी इस प्रमोशन की टाइमिंग को लेकर विवाद होने की आशंका है. हिंदुस्तान टाइम्स को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एक रेगुलर ऑर्डर है और इसके लिए काफी पहले आवेदन भेजा गया था. विवेक भगत के साथ 11 अन्य अफसरों का भी प्रमोशन किया गया है.
उनके प्रमोशन पर कॉकरोच जनता पार्टी ने सवाल पूछा है कि क्या ये यौन उत्पीड़न का रिवार्ड है?
एआई से बनाया विवादित पोस्टरइस बीच दिल्ली पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने एआई की मदद से विवेक भगत का आपत्तिजनक पोस्टर बनाया था. इसमें वह एक महिला पत्रकार से बदसलूकी करते दिखाए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, AI पोस्टर साजिश के तहत बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर डाला गया. ताकि माहौल खराब हो.
वीडियो: मुंबई में CJP के प्रदर्शन के दौरान 75 साल के शख्स की मौत, सीने में दर्द के बाद आया हार्ट अटैक












