कुत्ता इंसान को काटे तो ख़बर नहीं है, इंसान कुत्ते को काटे तो ख़बर है. ये बात हमने मीडिया के संदर्भ में सुन-समझ ली थी. और सोशल मीडिया ने समझाया कि कुत्ता इंसान को काटे और इंसान एक ट्रांजिशन के बाद ट्रेंडिंग म्यूजिक पर नाचने लगे तो ये वायरल है. ऐसी ही है ये दुनिया, कुछ भी वायरल है. अजीब है तो और ज्यादा वायरल है. ऐसा ही एक और अजीब वीडियो दिखा जिसमें एक व्यक्ति कार को तोड़ते-फोड़ते नज़र आ रहा है. दावा किया जा रहा कि एक दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे की कार तोड़ डाली.
'दुल्हन के प्रेमी ने तोड़ डाली दूल्हे की कार', वीडियो का खेल कर 'नया रिकॉर्ड' भी बना डाला
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कार को तोड़ते-फोड़ते नज़र आ रहा है. कहा जा रहा कि एक दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे की कार तोड़ डाली.


शीतल यादव नाम की एक यूजर ने एक्स पर वीडियो को शेयर करते हुए लिखा,
“दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे की कार को ही तोड़ डाला. लेकिन सवाल ये है कि इसमें दूल्हे बेचारे की क्या गलती है. तोड़ना है तो दुल्हन का घर तोड़ डालो.”

इसी तरह के दावे अन्य यूजर्स ने किए हैं जिनके पोस्ट आप नीचे देख सकते हैं.
पड़तालक्या वाकई दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे की कार तोड़ डाली? क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?
वीडियो को जिस तरह से फिल्माया गया है, उससे देखकर ये ‘स्वत:स्फूर्त’ हुई घटना नहीं लग रही है. इस बात को कॉमेंट सेक्शन में कई सुधीजनों ने रेखांकित किया है. कहा कि वीडियो स्क्रिप्टेड है.
इसके अलावा हमने वीडियो के एक फ्रेम को रिवर्स सर्च किया. हमें ‘Amitbossnarwana’ नाम के इंस्टाग्राम पेज पर 4 दिसंबर को अपलोड किया एक वीडियो मिला. इसमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन देखा जा सकता है. वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, “नया रिकॉर्ड बन गया.”

वीडियो के लंबे वर्जन को देखने पर समझ में आ रहा कि ये गाड़ियों के प्रचार का वीडियो है. वीडियो में दो नंबर भी दिए हैं और ‘Foujicarclub Official’ के पेज को टैग किया गया है.
हमें ‘Amit BossNarwana’ और ‘Foujicarclub’ के इंस्टाग्राम पेज पर ढेरों वीडियो मिले. वायरल वीडियो में कार को तोड़ रहा व्यक्ति इन वीडियो में भी उसी तरह अलग-अलग गाड़ियों को तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है.
इन नंबरों पर संपर्क करने पर ‘फौजी कार क्लब’ से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से शेयर किया जा रहा. उन्होंने कहा,
नतीजा“हम शादी में गाड़ियों को रेंट यानी किराए पर देते हैं. उसके प्रचार के सिलसिले में हमने ये वीडियो शूट करवाया था. हमने अपने प्रतिष्ठान के प्रचार के लिए ऐसे कई वीडियो बनवाए हैं.”
कुल मिलाकर, हमारी पड़ताल में साफ है कि कार को तोड़ने का वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है. असल में यह पुरानी गाड़ियों को किराए पर देने का एक प्रचार वाला वीडियो है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
वीडियो: पड़ताल: हाथी पर बैठे बाघ वाले वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है?


















