
लखनऊ से आया था कश्मीरी व्यापारियों की पिटाई का वीडियो.
वो कश्मीरियों की पिटाई कर ही रहे होते हैं, तभी एक लाल जैकेट पहने आदमी पहुंचता है. वो उस कश्मीरी की पिटाई का विरोध करता है. फिर पुलिस को बुलाने की बात करके उन कश्मीरियों का बचाव करता है. कश्मीरी व्यापारी की पिटाई का वीडियो पूरे देश ने देखा. सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ. लोगों ने पिटाई करने वाले युवक पर खूब गुस्सा भी निकाला. इसके बाद 24 घंटे के भीतर पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया. खबर आई कि पुलिस ने कश्मीरियों को पीटने के मामले में हिंदूवादी संगठन के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके बाद मामला शांत हुआ.
लेकिन रुकिये... ये मामला सिर्फ मीडिया की हेडलाइन्स से उतरा, सोशल मीडिया का काम अभी बाकी था. लोग बातें कर ही रहे थे कि 'भगवा वस्त्र पहने गुंडों ने कश्मीरियों की पिटाई कर दी'. उतने में सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे सामने आने लगे. आप भी नमूने देखिए.

लोग गुंडों को कांग्रेसी और समाजवादी पार्टी के बताने लगे

पोस्ट शेयर होने लगे कि बीजेपी को बदनाम करने के लिए ऐसा किया गया.
फेसबुक, ट्विटर हर जगह कई लोगों ने ऐसे पोस्ट्स किए. हजारों लोगों ने ऐसे पोस्ट्स शेयर भी किए. सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे इन दावों की हमने शुरू की पड़ताल.
जानकारी मिली की कि इस वीडियो के वायरल होने के 24 घंटे के भीतर ही सभी 4 आरोपियों की गिऱफ्तारी हो गई. लखनऊ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी बजरंग सोनकर के अलावा हिमांशु, अनिरुद्ध और अमर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकायदा उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के इस बात की जानकारी दी.
























